राजनीति

Inflation: महंगाई को लेकर कांग्रेस ने केंद्र पर साधा निशाना, पूछा-क्या हुआ तेरा वादा, वो कसम, वो इरादा

Congress: बढ़ती महंगाई से हर कोई परेशान है। कांग्रेस ने खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों को लेकर सोमवार को आरोप लगाया कि महंगाई ने मध्यम वर्ग और गरीबों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, लेकिन अच्छे दिन का वादा करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुप हैं। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने 1977 की हिंदी फिल्म हम किसी से कम नहीं के एक गाने का उल्लेख करते हुए भी सरकार पर निशाना साधा और लिखा कि क्या हुआ तेरा वादा? वो कसम, वो इरादा?

कहा, आम आदमी का जीना मुहाल हो गया
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि देश में खाद्य पदार्थों की कीमतों में बेतहाशा उछाल ने मध्यम और गरीब वर्ग की कमर तोड़ दी है। दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्रियों के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे आम आदमी का जीना मुहाल हो गया है।

एक माह में मसालों के दामों में 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी
जयराम रमेश ने लिखा है कि पिछले एक महीने में मसालों के दामों में 10 प्रतिशत से 25 प्रतिशत तक की भारी बढ़ोतरी हुई है। छोटी इलायची 4000 रुपये से बढ़कर 4400 रुपये/किलो, बड़ी इलायची 2400 रुपये से 2800 रुपये/किलो और जीरा 360 रुपये से उछलकर 400 रुपये/किलो तक पहुंच गया है। जावित्री के दाम 2500 रुपये से बढ़कर सीधे 3000 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। अरहर (तुअर) दाल 100 रुपये से बढ़कर 130 रुपये/किलो, चना दाल 70 रुपये से 100 रुपये/किलो और उड़द 120 रुपये से 140 रुपये/किलो हो गई है। सरसों तेल 190 रुपये से 210 रुपये/लीटर और सफोला तेल 240 रुपये से 280 रुपये/लीटर तक पहुंच चुका है।

मोदी सरकार को इस अनियंत्रित महंगाई पर तुरंत सख्त कदम उठाने चाहिए
जयराम रमेश के मुताबिक, जून से सितंबर के दौरान प्याज की अखिल भारतीय औसत खुदरा कीमत 29.50 रुपये/किलो से बढ़कर 53.78 रुपये/किलो हो गई यानी महज साढ़े तीन महीने में 82.3 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बढ़ती महंगाई के कारण गरीब तबके के घरों में दाल और जरूरी खाद्य सामग्रियां पहुंच से बाहर हो रही हैं। लेकिन प्रधानमंत्री जी महंगाई पर चुप हैं। देश पूछ रहा है कि अच्छे दिन कहां गए प्रधानमंत्री जी? सिर्फ प्रवचनों में बचे हैं क्या? जनता भूखी रहे, सरकार चुप रहे…क्या यही है नया भारत? क्या हुआ तेरा वादा? वो कसम, वो इरादा? मोदी सरकार को इस अनियंत्रित महंगाई पर तुरंत सख्त कदम उठाने चाहिए और आम जनता को राहत देनी चाहिए। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button