ED Raid: निवेश धोखाधड़ी मामले में ईडी ने ओडिशा और बंगाल में की छापेमारी

ED: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जमाकर्ताओं के साथ 120 करोड़ रुपये की कथित निवेश धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के तहत बुधवार को ओडिशा और पश्चिम बंगाल में कई परिसरों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह जांच ओडिशा पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) द्वारा दर्ज प्राथमिकी पर आधारित है।
ऐसे की धोखाधड़ी
ईडी के अनुसार, प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि कल्पना फाइनेंशियल सर्विसेज के नाम से संचालित एक धोखाधड़ी योजना के तहत आम लोगों को यह कहकर निवेश करने के लिए लुभाया गया कि उनके पैसे को शेयर बाजार की गतिविधियों में लगाया जाएगा और उन्हें हर महीने 3.5 से सात प्रतिशत तक का निश्चित मुनाफा मिलेगा। ईडी ने बताया कि इस योजना के प्रवर्तकों ने लोगों से लगभग 120 करोड़ रुपये जुटाए थे।
यहां हुई छापेमारी
अधिकारियों के मुताबिक, धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत की जा रही छापेमारी में ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुल 10 परिसरों को शामिल किया गया। इनमें कल्पना फाइनेंशियल और उसके निदेशक अमित मंडल के परिसर भी शामिल हैं। (भाषा)



