Dhanteras: योगी आदित्यनाथ बोले-धनतेरस पर खरीदें ओडीओपी उत्पाद, स्थानीय कारीगरों को दें बढ़ावा

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से अपील की है कि वे इस धनतेरस पर उपहार के रूप में एक जिला, एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के उत्पाद खरीदें और स्थानीय कारीगरों एवं शिल्पकारों को प्रोत्साहित करें।
कहा, लोकल वाली दिवाली मनाएं
सीएम योगी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा है कि धनतेरस का पावन पर्व समृद्धि, शुभता और मंगल का प्रतीक है। इस अवसर पर अपने उत्सव के उल्लास में प्रदेश के उन कर्मठ कारीगरों और शिल्पकारों को भी सहभागी बनाएं, जिनकी कला और अनवरत साधना हमारी सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी समृद्ध कर रही है। भदोही के विश्वप्रसिद्ध कालीन, प्रयागराज का मूंज शिल्प, मैनपुरी की तारकशी और चित्रकूट के काष्ठ खिलौने उत्तर प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। प्रदेश का निर्यात वर्ष 2016-17 के 84 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2025-26 में दो लाख करोड़ रुपये के पार पहुंचना हमारे शिल्पकारों-दस्तकारों की उद्यमशीलता और सामर्थ्य का प्रमाण है। लखनऊ और ग्रेटर नोएडा के आधुनिक एक्सपो मार्ट तथा भदोही का कार्पेट बाजार प्रदेश के पारंपरिक शिल्पों को आज वैश्विक मंचों पर नई पहचान दिला रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल के विजन को आत्मसात करते हुए इस धनतेरस ओडीओपी उत्पादों को ही उपहार स्वरूप चुनें। आपकी एक खरीदारी किसी हुनरमंद परिवार के आंगन में स्वावलंबन और सम्मान का दीप प्रज्वलित कर सकती है। आइए, लोकल वाली दिवाली मनाएं और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। धन्वंतरि जयंती एवं धनतेरस की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



