Hostel: राहुल गांधी ने विद्यार्थियों के लिए छात्रावास की कमी का मुद्दा उठाया, पीएम मोदी से मांगा जवाब

Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को विद्यार्थियों के लिए छात्रावास की कमी का मुद्दा उठाया और उनके सामने आ रही इस समस्या पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब मांगा। राहुल गांधी ने शनिवार को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान एक छात्रा की टिप्पणी का हवाला देते हुए सरकार को घेरा।
सरकार के पास दीया जलाने के लिए पैसा है – हमारे हॉस्टल के लिए क्यों नहीं?
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि सरकार के पास दीया जलाने के लिए पैसा है – हमारे हॉस्टल के लिए क्यों नहीं? यह सवाल कल इंदौर में एक छात्रा ने मुझसे पूछा। गांव से पढ़ने शहर आई। हॉस्टल है नहीं, तो पीजी में रहना पड़ता है। सिर्फ सुरक्षित रहने में लाखों खर्च हो जाते हैं। हर महीने किराए की चिंता, और बेघर होने का डर – इसी में पढ़ाई करनी पड़ती है। कई लड़कियां इसी वजह से पढ़ाई छोड़ देती हैं। सिर्फ इसलिए कि रहने की जगह नहीं है। और आवास भत्ता? महंगाई के साथ बढ़ता नहीं, ऊपर से भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है। नरेंद्र मोदी उस बच्ची के सवाल का कोई जवाब है आपके पास? (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



