Crime News: दूसरे व्यक्ति से शादी करने के लिए बच्ची की हत्या, संपत्ति विवाद में व्यक्ति की मौत

दिल्ली (Delhi) में एक महिला ने एक व्यक्ति से शादी करने के लिए अपनी पांच साल की बेटी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला की सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ के जरिए उक्त व्यक्ति से बातचीत हुई थी।
बच्ची का यौन उत्पीड़न भी किया गया था
उन्होंने कहा कि महिला ने पुलिस को यह बताया कि दिल्ली आने से पहले वह हिमाचल प्रदेश में एक रिश्तेदार के यहां रहती थी, जहां उसकी बच्ची का यौन उत्पीड़न भी किया गया था। पुलिस को दिल्ली के दीप चंद बंधु अस्पताल से शुक्रवार को सूचना मिली कि एक बच्ची को मृत अवस्था में लाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जांच करने पर बच्ची की गर्दन पर गला घोंटने के निशान पाए गए। दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा कि इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।
अमेठी में भाई के साथ संपत्ति विवाद को लेकर हुई झड़प में एक व्यक्ति की मौत
उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में भाई के साथ संपत्ति विवाद को लेकर कथित तौर पर हुई मारपीट में 58 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक थाना क्षेत्र के मिर्जागढ गांव में राम प्रकाश द्विवेदी (58) का अपने ही छोटे भाई राम शब्द द्विवेदी (52) के साथ संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद था जिसको लेकर 18 नवंबर को दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। (भाषा)


