Court News: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी का आरोप पत्र दाखिल, उप्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया

Supreme Court: सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार के उस बयान पर संज्ञान लिया कि अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले में जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने आरोप पत्र दाखिल कर दिया है। अदालत ने याचिकाओं का निपटारा करते हुए कहा कि स्थानीय अदालत मामले में सुनवाई आगे बढ़ाएगी। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ को बताया कि एसआईटी की जांच में पता चला है कि मंदिर में चढ़ावे की रकम की गिनती के दौरान यह चोरी हुई थी।
अयोध्या विवाद में निर्धारित जमीन पर ही राम मंदिर बने होने का पता लगाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका
अयोध्या में राम मंदिर सुप्रीम कोर्ट द्वारा 2019 के फैसले में निर्धारित परिसर और जमीन पर बना है या नहीं, इसकी जांच के लिए एक समिति या आयोग गठित करने का अनुरोध करते हुए शीर्ष अदालत में गत दिनों याचिका दायर की गई है। सुप्रीम कोर्ट की पांच न्यायाधीशों की संविधान पीठ ने नौ नवंबर, 2019 को ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए अयोध्या में विवादित स्थल पर एक न्यास के माध्यम से राम मंदिर निर्माण का रास्ता साफ कर दिया था।(भाषा)



