Rekha Gupta: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला, आरोपी हिरासत में; आप, कांग्रेस व भाजपा ने की निंदा

Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह सिविल लाइंस स्थित उनके कार्यालय में जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान हमला किया गया। मुख्यमंत्री के कार्यालय ने यह जानकारी दी। दिल्ली पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपना नाम राजेश खिमजी बताया है। उसने बताया कि वह राजकोट, गुजरात का रहने वाला है। उसके नाम और पते की पुष्टि की जा रही है। उसके दस्तावेजों की जांच भी की जा रही है। आप, भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने इस हमले की निंदा की है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा, यह हमला बेहद निंदनीय है
दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में विचारों का मतभेद और विरोध स्वीकार्य है, लेकिन हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं हो सकता। मुझे विश्वास है कि दिल्ली पुलिस उचित कार्रवाई करेगी। आशा है कि मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हों।
पंकज सिंह ने कहा, वे एक मजबूत महिला हैं, मगर उन्हें थोड़ी चोट लगी है
दिल्ली सरकार में मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि दिल्ली पुलिस इस हमले की जानकारी देगी। दिल्ली पुलिस इसकी कार्रवाई कर रही है। मैं अभी उनसे (मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता) मिलकर आया हूं। वे एक मजबूत महिला हैं, मगर उन्हें थोड़ी चोट लगी है।
बहुत दुर्भाग्यपूर्ण हैः हर्ष मल्होत्रा
केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। हम सभी ज्यादा से ज्यादा जनता के बीच में रहते हैं। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है।
वे न रुकने वाली हैं और न ही डरने वाली हैंः कपिल मिश्रा
दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यह कोई राजनीतिक या मुद्दे का हमला नहीं था। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को गिराकर मारने की कोशिश की गई है। हमलावर केवल मारने की नीयत से ही आया था। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का मनोबल इस सबसे नहीं टूटा है, वे न रुकने वाली हैं और न ही डरने वाली हैं।
आज जो भी हुआ है, वो निंदनीय हैः परवेश वर्मा
दिल्ली के मंत्री परवेश वर्मा ने कहा कि आज जो भी हुआ है, वो निंदनीय है। हमने मुख्यमंत्री से मुलाकात की है। उन्हें चोट आई है। आरोपी पिछले 24 घंटे से रेकी कर रहा था कि वो कैसे मुख्यमंत्री से मिले। आज उसने मुख्यमंत्री से मिलते ही उन पर हमला कर दिया। हमले में मुख्यमंत्री को हाथ, कंधे और सिर में चोट आई है। पुलिस जांच कर रही है।
रेखा गुप्ता डरकर घर पर नहीं बैठेंगीः रेखा शर्मा
राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है। यह बेहद चौंकाने वाला है कि किसी ने मुख्यमंत्री पर उस समय हमला किया, जब वे जनसुनवाई कर रही थीं। यह उस व्यक्ति की हरकत हो सकती है, जिसकी पार्टी/संगठन मुख्यमंत्री के काम करने और लोगों से मिलने के तरीके से खुश ना है। रेखा गुप्ता डरकर घर पर नहीं बैठेंगी।
जनसुनवाई जारी रहेंगी। दिल्ली के काम किसी हालत में नहीं रुकेंगेः मनजिंदर सिंह सिरसा
दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ठीक हैं। हमलावर पिछले एक दिन से रेकी कर रहा था। वह हमला करने की मंशा से ही आया था। उसके पास कोई जनसुनवाई का कागज नहीं था। जनसुनवाई जारी रहेंगी। दिल्ली के काम किसी हालत में नहीं रुकेंगे।
पुलिस इसकी तह तक जाएगीः हरीष खुराना
भाजपा विधायक हरीश खुराना ने कहा कि उस व्यक्ति (हमलावर) के फोन में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के घर की फोटो मिली है। साजिश उसके मन में पहले से ही थी। पुलिस इसकी तह तक जाएगी। डॉक्टर उनकी देख-रेख कर रहे हैं।
रेखा गुप्ता पर बहुत कायरतापूर्ण हमला हुआः बांसुरी स्वराज
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बहुत कायरतापूर्ण हमला हुआ है। उन्होंने दिल्ली के लोगों के लिए जिस प्रकार अथक प्रयास किए हैं, उससे यह हमला उनके काम में किसी प्रकार का अवरोध नहीं डालेगा। भाजपा इस हमले की निंदा करती है।
यह निंदनीय हैः सौरभ भारद्वाज
आम आदमी पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह निंदनीय है। हमारे समाज में किसी भी तरह की हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। यह हमें महात्मा गांधी ने सिखाया है। सवाल यह है कि कौन सा समूह हिंसा को संरक्षण दे रहा है? हिंसा सिर्फ मुख्यमंत्री पर हमले तक ही सीमित नहीं है बल्कि एसएससी के छात्रों और शिक्षकों पर पुलिस कार्रवाई तक भी होती है। किसानों ने अपने अधिकारों के लिए आंदोलन किया, लेकिन पुलिस ने उन पर हिंसक कार्रवाई की, यह भी हिंसा ही थी। पुलिस को नागरिकों के साथ इस तरह का व्यवहार करने का कोई अधिकार नहीं है। एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान एक भाजपा समर्थक ने अरविंद केजरीवाल पर हमला किया था। उस समय भाजपा ने कहा था कि वह व्यक्ति एक नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक था, जो अरविंद केजरीवाल से नाराज था। जब भी अरविंद केजरीवाल पर हमला होता था, भाजपा कहती थी कि दिल्ली की जनता उनसे नाराज है। हम यह नहीं कहेंगे कि दिल्ली की जनता रेखा गुप्ता से नाराज है, इसलिए हमला हुआ। किसी पर भी हमला गलत है। हम इस समय भाजपा का समर्थन कर रहे हैं, क्योंकि हमारा मानना है कि सैद्धांतिक रूप से हिंसा गलत है और सभी दलों को इस तरह के कृत्य की निंदा करनी चाहिए।
यह दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण हैः प्रमोद तिवारी
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि यह दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। यहां महिलाओं पर लगातार हमले हो रहे हैं और महिलाओं के खिलाफ लगातार अपराध हो रहा है। दिल्ली की मुख्यमंत्री पर हुए हमले को मैं भारत सरकार और गृह मंत्रालय की बहुत बड़ी लापरवाही मानता हूं। जब दिल्ली में महिला मुख्यमंत्री सुरक्षित नहीं हैं, तो महिलाएं कैसे सुरक्षित हो सकती हैं? इसके अलावा कई अन्य नेताओं ने भी इस हमले की निंदा की है।



