देश-दुनिया

Israel-Iran Attack: इजराइल ने ईरान के परमाणु और मिसाइल ठिकानों पर किया हमला, जवाब में ईरान ने दागे ड्रोन

Israel-Iran Attack: इजराइल ने शुक्रवार तड़के ईरान पर हमला किया, जिसमें उसके शीर्ष सैन्य अधिकारी मारे गए तथा परमाणु और मिसाइल स्थलों को निशाना बनाया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजराइल ने 200 फाइटर जेट्स से ईरान के छह ठिकानों पर हमला किया। हमले में करीब 78 लोगों की मौत हो गई, जबकि 328 अन्य घायल हो गए। मरने वालों में ईरान के छह परमाणु वैज्ञानिक और टॉप चार मिलिट्री कमांडर भी बताए जाते हैं। इन हमलों से पश्चिम एशिया के दो धुर विरोधी देशों के बीच व्यापक युद्ध की आशंका बढ़ गई है। इसे 1980 के दशक में इराक के साथ युद्ध के बाद ईरान पर सबसे बड़ा हमला माना जा रहा है।

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पीएम मोदी सहित वैश्विक नेताओं से की बात
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान पर किये गए हमलों के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने के कूटनीतिक प्रयास के तहत भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई वैश्विक नेताओं से बात की। इजराइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

ईरान-इजराइल टकराव पर भारत ने कहा, बेहद चिंतित हैं, दोनों पक्षों से तनाव वाले कदमों से बचने का किया आग्रह
इजराइल द्वारा ईरान के परमाणु, मिसाइल और सैन्य परिसरों पर हमले किए जाने से पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के बीच भारत ने शुक्रवार को कहा कि वह दोनों देशों के बीच हाल के घटनाक्रम से “बेहद चिंतित” है और उभरती स्थिति पर “करीबी नजर” रख रहा है। नयी दिल्ली ने दोनों देशों से किसी भी तरह के तनाव बढ़ाने वाले कदमों से बचने का आग्रह किया है।

नेतन्याहू ने ईरान पर इजराइल के हमले को बहुत सफल प्रारंभिक हमला बताया
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार को ईरान के परमाणु प्रतिष्ठानों और वरिष्ठ कमांडरों को निशाना बनाकर किए गए इजराइली हमले को एक बहुत ही सफल प्रारंभिक हमला बताया। इजराइल ने शुक्रवार को ईरान के परमाणु, मिसाइल और सैन्य परिसर पर हमला करने के लिए ऑपरेशन राइजिंग लॉयन शुरू किया। इस हमले में ईरान के कई प्रमुख सैन्य कमांडर और परमाणु वैज्ञानिक मारे गए।

रूस ने ईरान पर इजराइली हमले को अकारण बताया
रूस ने शुक्रवार को ईरान पर इजरायल के अकारण हवाई हमलों की कड़ी निंदा की और क्षेत्र में तनाव के खतरनाक ढंग से बढ़ने पर बड़ी चिंता व्यक्त की। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button