Bihar Politics: मायावती बोलीं, बिहार में चुनाव पूरी तरह स्वतंत्र व निष्पक्ष होता तो बसपा और सीट जीतती

Bihar News: बिहार विधानसभा चुनाव की निष्पक्षता पर राजनीति जारी है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने बिहार चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर चुनाव पूरी तरह से स्वतंत्र और निष्पक्ष होते तो बसपा और सीट जरूर जीतती। बिहार विधानसभा चुनाव में कुल 243 सीट में बसपा को मात्र एक सीट पर जीत मिली है।
कैमूर जिले की रामगढ़ विधानसभा सीट पर बीएसपी उम्मीदवार सतीश को जीत पर दी बधाई
मायावती ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि बिहार विधानसभा के अभी हाल ही में संपन्न हुए आमचुनाव में कैमूर जिले की रामगढ़ विधानसभा सीट (संख्या 203) पर बीएसपी के उम्मीदवार सतीश कुमार सिंह यादव को जीत दिलाने के लिए पार्टी के सभी लोगों को बधाई तथा उनका पूरे तहेदिल से आभार प्रकट। हालांकि वोटों की गिनती बार-बार कराने के बहाने से वहां के प्रशासन व एकजुट होकर सभी विरोधी पार्टियों द्वारा बीएसपी उम्मीदवार को हराने का पूरा-पूरा प्रयास किया गया, किन्तु पार्टी के बहादुर कार्यकर्ताओं का पूरे समय तक डटे रहने से विरोधियों का यह षड्यंत्र सफल नहीं हो सका।
बीएसपी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को बिहार में जी-जान से लगे रहने का किया आह्वान
बल्कि बिहार के इस क्षेत्र की अन्य सीटों पर भी विरोधियों को कांटे की टक्कर देने के बावजूद बीएसपी उम्मीदवार चुनाव नहीं जीत सके, जबकि फीडबैक के अनुसार अगर चुनाव पूरी तरह से फ्री एंड फेयर होता तो बीएसपी और भी कई सीटें जरूर जीतती, लेकिन ऐसा नहीं हो सका, जिससे पार्टी के लोगों को घबराने की ज़रूरत नहीं है बल्कि आगे और भी अधिक तैयारी के साथ काम करते रहने की जरूरत है। अंत में बिहार विधानसभा के इस चुनाव में अपने खून-पसीने व पूरी लगन से चुनाव लड़ने के लिए बीएसपी के सभी छोटे-बड़े पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों आदि का तहेदिल से आभार प्रकट तथा आगे बिहार में पूरे जी-जान से लगे रहने का आह्वान, ताकि बिहार, परमपूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर एवं कांशीराम के सपनों की सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय की धरती बन सके। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



