Pahalgam Terror Attack: पहलगाम में आतंकी हमला, पीएम मोदी बोले-नापाक मंसूबे नहीं होंगे कामयाब; अमित शाह श्रीनगर रवाना

Pahalgam Terror Attack: दक्षिण कश्मीर के प्रमुख पर्यटक स्थल पहलगाम में मंगलवार को आतंकी हमले में कई लोगों की मौत की आशंका है। हमले में कई लोगों के घायल होने की खबर है। पहलगाम में बैसरन नामक घास के मैदान पर आतंकी हमला हुआ। बैसरन एक ऐसा मैदान है, जहां केवल पैदल या खच्चरों की मदद से ही पहुंचा जा सकता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने पहलगाम में आतंकी हमले पर कहा, जघन्य कृत्य में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले की निंदा करते हुए कहा कि इस जघन्य कृत्य में शामिल लोगों को न्याय के कठघरे में लाया जाएगा। मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें (आतंकियों को) बख्शा नहीं जाएगा। उनका नापाक एजेंडा कभी सफल नहीं होगा। आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प अडिग है तथा यह और भी मजबूत होगा।
अमित शाह ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद कहा, तुरंत श्रीनगर के लिए रवाना हो रहा हूं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर मंगलवार को हुए आतंकी हमले के बाद कहा कि वह तुरंत श्रीनगर के लिए रवाना हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पर्यटन स्थल पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की निंदा की और अपराधियों को दंड दिलवाने की प्रतिबद्धता जताई। (भाषा)



