काम की बात

Cyber Crime: साइबर अपराध से ऐसे करें बचाव, यहां करें शिकायत

साइबरअपराध (Cyber Crime) की घटनाएं आए दिन होती रहती हैं। शायद ही कोई ऐसा शख्स बचा हो, जिसके साथ साइबर ठगी की घटना ना हुई हो। साइबर अपराध से बचाव के लिए सावधानी बेहद जरूरी है। साइबर अपराध का शिकार होने से बचने के लिए खुद को पुलिस कर्मचारी , सीबीआई, बैंक या किसी भी जांच एजेंसी का बताकर फोन करने वाले के झांसे में नहीं आना चाहिए। ज्यादा कमाई का कोई शार्टकट नहीं है, इसलिए शेयर ट्रेडिंग की टिप्स देनें और ट्रेडिंग कराने वाले साइबर अपराधियों से भी सावधान रहना चाहिए। ठगे जाने पर घबराएं नहीं।

साइबर अपराध से ऐसे करें बचाव
शेयर ट्रेडिंग फ्रॉड से ऐसे बचेंः शेयर ट्रेडिंग फ्राड (Share Trading Fraud) में साइबर अपराधी लोगों को निवेश पर ऊंचे रिटर्न का झांसा देते हैं। पीड़ित जब अपने रुपये निकालने चाहते हैं, तो उनसे टैक्स के नाम पर और धनराशि मांगते हैं। इससे बचाव के लिए लोगों को अधिकृत ब्रोकरों के जरिए ही निवेश करना चाहिए।

घर बैठकर कमाई के झांसे में भी ना आएंः घर बैठकर रिव्यू करने का काम देकर शुरुआत में कुछ धनराशि वापस की जाती है, लेकिन उसके बाद पीड़ित की बड़ी धनराशि का टॉस्क देकर फंसा लिया जाता है। इसलिए घर बैठकर कमाई का मैसेज आने पर उसने नजरअंदाज कर देना चाहिए, नहीं तो भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

सेक्सटॉर्सन फ्रॉड से ऐसे बचेंः सेक्सटॉन फ्रॉड (Sextortion Fraud) में पीड़ित के पास वीडियो कॉल करते हुए युवती अपने कपड़े उतारते हुए दिखती है। इसके बाद पुलिस अधिकारी बनकर पीड़ित को अपराधी फोन कर अश्लील वीडियो प्रसारित करने की धमकी देते हैं। इससे बचने के लिए अंजान नंबर से आई वीडियो कॉल को नहीं उठाना चाहिए।

फर्जी कस्टमर केयर फ्रॉड से इस तरह करें बचावः फर्जी कस्टमर केयर फ्रॉड (Fake Customer Care Fraud) से बचाव के लिए जरूरत पड़ने पर किसी भी कंपनी की अधिकृत वेबसाइट से ही कस्टमर केयर नंबर लें। किसी भी अनधिकृत लिंक के माध्यम से कोई भी एप डाउनलोड न करें।

डिजिटल अरेस्ट से इस तरह बचेंः साइबर अपराधी कोरियर में नशीला पदार्थ रखने के आरोप में लोगों को फोन कर जांच और गिरफ्तारी का डर दिखाकर धमकाते हैं फिर डिजिटल अरेस्ट (Digital Arrest) करने का झांसा देकर अपने खाते में धनराशि ट्रांसफर करा लेते हैं। ऐसे अपराध से बचने के लिए कोरियर संबंधित किसी काल पर जवाब न दें।

ऐसी कॉल आने पर भी रहें सचेतः साइबर ठग (Cyber ​​Thug) बेटे को दुष्कर्म केस में पकड़े जाने का हवाला देते हुए काल करते हैं और पीड़ित को धमकाकर केस से बचाव के लिए कुछ धनराशि ट्रांसफर करने को कहते हैं। इस तरह की कॉल आने पर तत्काल काट दें।

यहां पर कर सकते हैं अपनी शिकायत
वित्तीय साइबर फ्रॉड (Financial Cyber ​​Fraud) होने पर 1930 पर कॉल करें। साइबर अपराध (Cyber ​​Crime) की घटना होने पर नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल की वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर करें शिकायत। यहां पर शिकायत करने पर आपकी बात सुनी जाएगी और आपकी समस्या का भी समाधान होगा। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button