क्राइम

UP Crime: यूपी के बरेली में भाजपा नेता की चाकुओं से गोदकर हत्या, तनाव

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में रक्षाबंधन की देर रात भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता की चाकू गोद कर हत्या कर दी गई। वारदात सुभाष नगर थाना क्षेत्र में हुई, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुभाष नगर थाना क्षेत्र के मढ़ीनाथ स्थित मांझे वाली बगिया में हुई वारदात
पुलिस अधीक्षक (नगर) मानुष पारीक के मुताबिक, घटना सुभाष नगर थाना क्षेत्र के मढ़ीनाथ स्थित मांझे वाली बगिया में हुई। मृतक की पहचान भाजपा मढ़ीनाथ मंडल ओबीसी मोर्चा के उपाध्यक्ष सचिन कश्यप के तौर पर हुई है। पारीक ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

आरोपियों ने धारदार हथियार से किए कई वार
इस बीच, पुलिस सूत्रों के अनुसार, रक्षाबंधन की रात सचिन कश्यप बगिया के पास मौजूद थे और इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और उन्हें घेर लिया। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने धारदार हथियार से सचिन पर कई वार कर दिए और गंभीर रूप से घायल सचिन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दी जा रही दबिश
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सचिन कश्यप का कुछ लोगों के साथ रुपयों के लेनदेन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। करीब एक महीने पहले दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई थी। उस समय समझौता करा दिया गया था, लेकिन विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ था। पुलिस इस पुराने विवाद को भी हत्या की वजह के संभावित पहलू के तौर पर जांच रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से दी गई तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय ने कही ये बात
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय बरेली नितिन कुमार के अनुसार, सुभाषनगर, बरेली क्षेत्रान्तर्गत युवक की चाकू/खुकरी से हमला कर हत्या की सूचना व प्राप्त तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर की जा रही है। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button