Bollywood News: सलमान खान और साजिद नाडियाडवाला ने की ‘किक-2’ की घोषणा, गोविंदा को मिलेगी अस्पताल से छुट्टी

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान (Bollywood Actor Salman Khan) और फिल्म निर्माता साजिद नाडियाडवाला ने फिल्म ‘किक-2’ की शुक्रवार को घोषणा की।दोनों फिलहाल फिल्म ‘सिकंदर’ पर काम कर रहे हैं। इसका निर्देशन एआर मुर्गदास कर रहे हैं। नाडियाडवाला की कंपनी ‘नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट’ के बैनर तले इसका निर्माण किया जा रहा है।
साझा की सलमान की तस्वीर
निर्माण कंपनी ने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर ‘सिकंदर’ के सेट से सलमान की तस्वीर साझा की और लिखा ‘‘ यह एक शानदार किक-2 फोटोशूट था सिकंदर…!!!’’
कॉमेडी-एक्शन फिल्म ‘किक’ के साथ नाडियाडवाला ने निर्देशन की दुनिया में कदम रखा था। यह 2014 की बड़ी हिट फिल्मों में से एक थी। इसमें जैकलीन फर्नांडीज, रणदीप हुड्डा और नवाजुद्दीन सिद्दीकी जैसे कलाकार भी थे। फिल्म ‘किक’ तेलुगु अभिनेता रवि तेजा की 2009 में आई इसी नाम की फिल्म का रीमेक थी।
गोविंदा को अस्पताल से मिलेगी छुट्टी
बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा (Govinda) के परिवार ने कहा कि शुक्रवार को यहां अस्पताल से उन्हें छुट्टी मिल जाएगी। रिवॉल्वर से दुर्घटनावश गोली चल जाने से 60 वर्षीय अभिनेता घायल हो गए थे। उनके पैर में चोट आई थी। गोविंदा की मंगलवार को निजी अस्पताल में सर्जरी की गई थी जिसके बाद उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।
अभिनेता की बेटी टीना आहूजा ने संवाददाताओं के साथ उनके स्वास्थ्य के बारें में जानकारी साझा करते हुए कहा, ‘‘वह पहले से बेहतर हैं। उन्हें आज छुट्टी दी जा रही है।’’ उनकी पत्नी सुनीता आहूजा ने भी संवाददाताओं को बताया कि गोविंदा को कम से कम छह सप्ताह तक आराम करने की सलाह दी गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें (गोविंदा) आज छुट्टी दे दी जाएगी। मैं उन्हें यहां लाऊंगी, लेकिन उन्हें अभी खड़े होने में दिक्कत रहेगी… वह ठीक हैं और कुछ दिनों में फिर से डांस करना शुरू कर देंगे। सभी ने उनके लिए प्रार्थना की है और हम पर माता रानी का आशीर्वाद है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘चिकित्सक ने उन्हें घर पर छह सप्ताह तक आराम करने के लिए कहा है। इसलिए, हम उन्हें ज्यादा लोगों से मिलने की इजाजत नहीं देंगे क्योंकि संक्रमण हो सकता है। उन्हें आराम करने की जरूरत है।’’
मंगलवार को गोविंदा जब हवाई अड्डे के लिए घर से रवाना होने वाले थे तभी उनकी रिवॉल्वर से दुर्घटनावश गोली चल गई जिससे वह घायल हो गए। इस मामले में स्थानीय पुलिस और मुंबई की अपराध शाखा ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है। अभिनेता का इलाज करने वाले डॉ. रमेश अग्रवाल ने बताया कि गोली उनके बाएं घुटने के नीचे लगी है और उन्हें 8-10 टांके आए हैं।(भाषा)



