देश-दुनिया

Mahakumbh Stampede: मौनी अमावस्या पर महाकुंभ में भगदड़ में 30 लोगों की मौत, 60 घायल; पीएम मोदी ने जताया दुख

मौनी अमावस्या (Mauni Amavasya) के अवसर पर प्रयागराज महाकुंभ के संगम क्षेत्र में मंगलवार देर रात पवित्र स्नान करने के लिए बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने से मची भगदड़ में 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

डीजीआई वैभव कृष्ण बोले, भगदड़ में 30 लोगों की मौत, 60 घायल; 25 की हुई पहचान
घटना के करीब 16 घंटे बाद एक प्रेस वार्ता में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीजीआई) वैभव कृष्ण ने बताया कि भगदड़ में 30 लोगों की मौत हुई है और 60 अन्य घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि मृतकों में से 25 की पहचान हो चुकी है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख
उत्तर प्रदेश के मुख्य्मंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि महाकुंभ 2025 प्रयागराज में हुई घटना अत्यंत दुखद है, मर्माहत करने वाली है। मृतकों को विनम्र श्रद्धांजलि व मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।

महाकुंभ हादसे की न्यायिक जांच के आदेश, पीड़ित परिवार को 25-25 लाख देगी सरकार
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, महाकुंभ भगदड़ पर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम राज्य सरकार की ओर से दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी कर रहे हैं। न्यायिक आयोग पूरे मामले की जांच करेगा और एक समय सीमा के भीतर अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगा। इस संबंध में मुख्य सचिव और डीजीपी स्वयं एक बार प्रयागराज का दौरा करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर उन सभी मुद्दों पर गौर करेंगे।

पीएम नरेंद्र मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगदड़ में अपने परिवार के सदस्यों को खोने वाले श्रद्धालुओं के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की तथा इस घटना को अत्यंत दुखद बताया।

अमित शाह ने जताया दुख
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि महाकुंभ में हुए दुखद हादसे से अत्यंत व्यथित हूं। इस दुर्घटना में जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें यह दुख सहने की शक्ति दें। प्रशासन घायलों को अस्पतालों में उपचार दे रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हूं।

अखिलेश यादव ने जताया दुख
उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम व सपा प्रमुख अखिलेश यादव सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि महाकुंभ में अव्यवस्थाजन्य हादसे में श्रद्धालुओं के हताहत होने का समाचार बेहद दुखद है। श्रद्धांजलि!

मायावती ने जताया दुख
उत्तर प्रदेश की पूर्व सीएम व बसपा प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि प्रयागराज की संगम स्थली पर, महाकुंभ में हुई भगदड़ में जिन भी श्रद्धालुओं ने अपनी जान गवाई है व घायल हुए हैं। यह घटना अतिदुखद व चिंतनीय। ऐसे समय में कुदरत पीडि़तों कोे इस दुख को सहन करने की शक्ति दे, पार्टी की यही कामना।

राहुल गांधी ने जताया दुख
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ के कारण कई लोगों के मौत और कईयों के घायल होने की खबर अत्यंत दुखद है। शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं। इस दुखद घटना के लिए कुप्रबंधन, बदइंतजामी और आम श्रद्धालुओं की जगह वीआईपी मूवमेंट पर प्रशासन का विशेष ध्यान होना जिम्मेदार है। अभी महाकुंभ का काफी समय बचा हुआ है, कई और महास्नान होने हैं। आज जैसी दुखद घटना आगे न हो इसके लिए सरकार को व्यवस्था में सुधार करना चाहिए। वीआईपी कल्चर पर लगाम लगनी चाहिए और सरकार को आम श्रद्धालुओं के जरूरतों की पूर्ति के लिए बेहतर इंतजाम करने चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं से अनुरोध करता हूं कि पीड़ित परिवारों की मदद करें।

कुंभ मेले में मची भगदड़ में बेलगावी के चार लोगों की मौत होने की आशंका
प्रयागराज महाकुंभ मेले में भगदड़ मचने से बेलगावी की एक महिला और उसकी बेटी सहित कम से कम चार लोगों के मारे जाने की आशंका है। कर्नाटक के मंत्री कृष्ण बायरे गौड़ा ने बुधवार को एक बयान में कहा कि प्रयागराज में कुंभ मेले में भगदड़ में राज्य के चार लोगों के मारे जाने की आशंका है। बयान में कहा गया है कि राज्य सरकार की आपदा प्रबंधन टीम लगातार उत्तर प्रदेश सरकार के संपर्क में है। बेलगावी के उपायुक्त ने कुंभ मेले में गए लोगों के परिवारों से स्वयं संपर्क किया और बताया कि चार लोगों के मारे जाने की आशंका है। भाजपा नेताओं की सहायता से जिले से 300 से अधिक लोग कुंभ मेले में गए हैं। कन्नड़ लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक आईएएस अधिकारी और अतिरिक्त उपायुक्त सहित एक टीम को प्रयागराज भेजा गया है, क्योंकि उत्तर प्रदेश सरकार ने अभी तक कोई जानकारी नहीं दी है। अपने प्रियजनों के बारे में जानकारी चाहने वाले परिवारों के लिए एक हेल्पलाइन स्थापित की गई है।

श्रद्धांजलि अर्पित
बेलगाम उत्तर के कांग्रेस विधायक आसिफ सैत ने भी दुखद घटना की सूचना मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि बेलगावी शहर के चार लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि हमें जानकारी मिली है कि भगदड़ में बेलगावी शहर के चार लोगों की मौत हो गई है। हम परिवार के साथ हैं। हम उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उन्होंने राज्य सरकार से मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने की अपील की।

इनकी हुई मौत
विधायक के अनुसार बेलगावी के उपायुक्त मोहम्मद रोशन ने विशेष उपायुक्त को प्रयागराज जाकर शवों को वापस लाने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। उनके साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी होंगे। परिवार के अनुसार, वडागांव निवासी भाजपा कार्यकर्ता ज्योति हट्टरवाड़ (50) और उनकी बेटी मेघा हट्टरवाड़ (16) की मौत हो गई है। बेलगावी के महादेवी भवनुर और अरुण के भी मारे जाने की आशंका है। मां-बेटी 26 जनवरी को एक निजी ट्रैवल एजेंसी के जरिए बस से प्रयागराज गई थीं और 13 सदस्यीय समूह का हिस्सा थीं। ज्योति के भाई गुरुराज हुद्दार ने बताया कि घायल होने के बाद सुबह प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उनकी मौत हो गई। बेलगावी में रहने वाले परिवार के सदस्य आज सुबह से ही उनसे संपर्क नहीं कर पा रहे थे। ज्योति के पति ने बताया कि तीर्थयात्रियों के समूह में शामिल चिदंबर पाटिल नाम के एक व्यक्ति ने उन्हें बताया कि भगदड़ में उनकी पत्नी और बेटी की मौत हो गई। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button