Honour Killing: प्रेम विवाह से नाराज ससुर ने नाबालिग बेटे के साथ मिलकर की दामाद की हत्या

भारत (Bharat) में मध्य प्रदेश (Madhya Pardesh) के छिंदवाड़ा (Chhindwara) में बेटी के गांव में ही प्रेम विवाह (Love Marriage) करने से नाराज पिता ने नाबालिग बेटे के साथ दामाद के घर में घुसकर उसे चाकू से गोदकर मार डाला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानें, क्या है मामला
चांदामेटा थाना क्षेत्र स्थित बढ़िया लाइन निवासी विदेश मालवीय की पुत्री राधिका व गांव के ही योगेश मालवीय के बीच प्यार हो गया था। दोनों ने अपने परिवाजनों को मनाने का प्रयास भी किया, लेकिन सभी की सहमति नहीं बन पाई। एक माह पहले दोनों ने भाग कर कोर्ट मैरेज कर ली। शादी के बाद राधिका अपने पति के साथ रहने लगी। इससे नाराज राधिका का पिता विदेश अपने नाबालिग बेटे के साथ रविवार रात में योगेश के घर पहुंचा। उसे आवाज दी। योगेश जब मिलने आया, तो उस पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपित ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस नाबालिग की तलाश कर रही है।
जानिए, क्या है ऑनर किलिंग
परिवार के किसी विशेष सदस्य खासकर किसी महिला के सगे और संबंधियों द्वारा की जाने वाली हत्याओं को ऑनर किलिंग कहा जाता है। अक्सर ये हत्याएं परिवार और प्रतिष्ठा के नाम पर की जाती हैं। अधिकांश ऑनर किलिंग के मामले ऊंची जाति के लोगों के प्रेम संबंधों के मामले में देखने को मिलते हैं। अंतर धार्मिक संबंध भी ऑनर किलिंग का कारण बन रहे हैं। देश में इस तरह की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



