देश-दुनिया

Delhi Weather: दिल्ली में इस मौसम का पहला घना कोहरा छाया, आईजीआई हवाई अड्डे पर दृश्यता शून्य

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) में बुधवार को इस मौसम में पहली बार घना कोहरा छाया और दिल्ली हवाई अड्डे पर दृश्यता शून्य हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि कम दृश्यता के कारण कुछ उड़ानों के मार्ग परिवर्तित कर दिए गए।

राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्सों में धुंध छा गई
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दृश्यता शून्य मीटर दर्ज की गई, जबकि विभिन्न स्थानों पर ‘रनवे विजुअल रेंज’ 125 से 500 मीटर के बीच रही। आईएमडी ने बताया कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे ‘बहुत घना’ कोहरा छाना शुरू हुआ, जिससे राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्सों में धुंध छा गई।

15वें दिन भी वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में रही
आईएमडी के अधिकारी ने बताया कि सुबह तक दिल्ली में कोहरे की मोटी परत छा गई, जिससे कुछ क्षेत्रों में दृश्यता घटकर 125 मीटर रह गई। इस बीच, लगातार 15वें दिन भी वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में रही तथा सुबह नौ बजे इसका स्तर 366 रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, आनंद विहार और आया नगर सहित दो निगरानी केंद्रों ने वायु गुणवत्ता को गंभी श्रेणी में बताया। सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता 92 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग ने दिन के समय हल्का कोहरा छाए रहने और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

खराब मौसम के कारण दिल्ली हवाईअड्डे पर आने वाली सात उड़ानों के मार्गों में बदलाव
राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को सुबह कम दृश्यता के कारण विमान परिचालन प्रभावित हुआ और दिल्ली हवाईअड्डे पर आने वाली कम से कम सात उड़ानों के मार्गों में बदलाव किया गया, वहीं कई विमानों के परिचालन में देरी हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button