Holi: देशभर में होली की धूम, रंग-बिरंगे रंगों में रंगा पूरा देश, देखें तस्वीरें

Holi 2025: देशभर में शुक्रवार को होली का त्योहार मनाया जा रहा है। पूरा देश रंग-बिरंग रंगों में रंगा नजर आया। होली पर रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने ओडिशा में पुरी समुद्र तट पर खूबसूरत रेत कला बनाई। उनकी यह कृति होली के रंगों और उत्सव की झलक दिखाती है। हर साल पटनायक अपनी रेत कला के जरिए त्योहारों और सामाजिक संदेशों को दर्शाते हैं।
योगी ने गोरखपुर में मनाई होली
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में होली मनाई।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोगों के साथ मनाई होली
रक्षामंत्री राजनाथ ने लोगों के साथ होली मनाई।

पीएम मोदी ने दी होली की शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं और कामना की कि हर्ष एवं उल्लास से भरा यह पावन-पर्व भारतवासियों की एकता के रंग को और प्रगाढ़ करे।
राष्ट्रपति ने देशवासियों को होली की बधाई दी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को होली के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रंगों का यह त्योहार एकता और भाईचारे की भावना को बढ़ाता है और विविधता में एकता के मूल्यों को दर्शाता है। मुर्मू ने एक संदेश में भारत और विदेशों में रहने वाले सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं और कहा कि होली खुशियां और उत्साह लेकर आती है।

योगी आदित्यनाथ और मायावती ने दी होली की शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं और इस त्योहार को एकता का संदेशवाहक बताया। आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि रंग, उमंग, उत्साह और तरंग के पावन पर्व होली की आप सभी को शुभकामनाएं। होली का पर्व एकता का संदेशवाहक है, जो हमें प्रेम और सौहार्द के साथ सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करता है।
हरियाणा के सीएम ने इस तरह मनाई होली
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने बृहस्पतिवार को कुरुक्षेत्र के लाडवा में होली मनाई।

दिल्ली में होली और जुमे की नमाज के लिए पुलिस ने कड़े सुरक्षा के इंतजाम किए
दिल्ली पुलिस होली के त्योहार और रमजान के दूसरे जुमे (शुक्रवार) की नमाज के मद्देनजर ‘हाई अलर्ट’ पर है और उसने जगह-जगह सुरक्षा कड़ी कर दी है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली में 25 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

दिल्ली में होली के मौके पर खिली धूप, न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज
दिल्ली में शुक्रवार को होली के मौके पर सुबह आसमान साफ रहा और न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शाम या रात के समय बादल छाए रहने और बूंदाबांदी होने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है और सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 80 प्रतिशत दर्ज की गई। इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की वेबसाइट पर सुबह वायु गुणवत्ता के आंकड़े उपलब्ध नहीं थे। (भाषा)



