धर्म संसार

Badrinath Temple: बदरीनाथ मंदिर के कपाट खुले, सीएम धामी ने की पूजा; प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं मंगल के लिए प्रार्थना की

Badrinath Dham: उत्तराखंड के उच्च गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र में स्थित विश्वप्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट छह माह बंद रहने के बाद बृहस्पतिवार को फिर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। पूर्व निर्धारित मुहूर्त के अनुसार, सुबह सवा छह बजे चमोली जिले में स्थित मंदिर के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना के साथ खोल दिए गए। इस दौरान देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालु मंदिर परिसर में मौजूद रहे।

कपाटोद्घाटन के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री उपस्थित रहे
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि भगवान श्रीहरि विष्णु की पवित्र भूमि श्री बदरीनाथ धाम के कपाटोद्घाटन के शुभ अवसर पर उपस्थित रहने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। हिमालय की गोद में स्थित यह दिव्य धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की अटूट श्रद्धा, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का जीवंत प्रतीक है। इस पावन अवसर पर अलौकिक भक्ति, दिव्य ऊर्जा और अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति ने मन को भावविभोर कर दिया।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने श्री बदरी विशाल का किया वंदन
इस अवसर पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से श्री हरि विष्णु की प्रथम पूजा की और संपूर्ण विधि विधान के साथ श्री बदरी विशाल का वंदन कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं मंगल हेतु प्रार्थना की। श्री बदरीनाथ धाम के कपाटोद्घाटन के साथ ही पावन चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो चुका है। देवभूमि उत्तराखंड में देश-विदेश से आने वाले सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सहज यात्रा अनुभव प्रदान करना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button