Bride: दुल्हन ने लगाया धोखे से दूसरे लड़के से शादी कराने का आरोप, दूल्हे समेत नौ लोग हिरासत में

Groom: दुल्हन ने धोखे से दूसरे लड़के से शादी कराये जाने का आरोप लगाते हुए भरे मंडप में विवाह से इंकार कर दिया। घटना उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के शाहाबाद कस्बे की है। इसके बाद वधु पक्ष के लोगों ने बारातियों से मारपीट की। पुलिस ने इस मामले में दूल्हे समेत नौ लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानें, क्या है मामला
शाहाबाद सर्किल के अपर पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण के अनुसार, 13 मई को थाना शाहाबाद पर सूचना प्राप्त हुई कि एक युवती जिनकी उम्र करीब 25 वर्ष है, जिनकी बात राहुल निवासी भोपाल (एमपी) नाम के युवक से होती थी उक्त बातचीत पर दोनों के परिवार के मध्य वैवाहिक रास्ते तय हुए थे। उक्त के द्वारा बारात को लाया गया। लेकिन बारात आने पर युवती द्वारा दूल्हे को पहचानने से इंकार कर दिया और कहा गया यह वह व्यक्ति नहीं जिससे बात होती थी। दूल्हे के द्वारा बताया कि मेरा नाम देवेंद्र है और मैं किसी राहुल को नहीं जानता हूं। इस संबंध में शिकायकर्ता से तहरीर प्राप्त कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है प्रकरण से संबंधित नौ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आवश्यक कार्यवाही प्रचलित है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



