देश-दुनिया

Inflation: दूध के बाद पेट्रोल और डीजल भी हुआ महंगा, आप, कांग्रेस, शिअद व टीएमसी ने केंद्र पर साधा निशाना

Inflation Rate: देश की जनता को महंगाई का दोहरा झटका लगा है। दूध के बाद अब पेट्रोल और डीजल भी महंगा हो गया है। महंगाई की मार की वजह से आप आदमी परेशान है। कांग्रेस ने कहा कि इससे महंगाई बढ़ना तय है। आर्थिक विकास दर में गिरावट भी आएगी। आप, शिअद और टीएमसी ने भी केंद्र पर निशाना साधा है।

अमूल और मदर डेयरी का दूध दो रुपये लीटर महंगा
देश की प्रमुख दूध और दुग्ध उत्पाद कंपनियों अमूल और मदर डेयरी ने बुधवार को दूध की कीमतें दो रुपये प्रति लीटर बढ़ा दीं। इससे महंगाई का दबाव और बढ़ गया है, जो पहले से ही युद्ध के कारण बढ़ा हुआ था और इससे घरों का बजट भी प्रभावित होगा। यह मूल्यवृद्धि 14 मई से लागू हो गई है। माना जा रहा है कि क्षेत्रीय डेयरी कंपनियां भी इसी तरह कीमतें बढ़ा सकती हैं।

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में शुक्रवार को तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। यह पिछले चार वर्षों में पेट्रोल-डीजल के दाम में पहली वृद्धि है। कच्चे तेल की बढ़ती वैश्विक कीमतों के कारण तेल विपणन कंपनियों के घाटे बढ़ने के बीच यह वृद्धि की गई है।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से महंगाई बढ़ना तय, विकास दर भी कम होगी: कांग्रेस
कांग्रेस ने पेट्रोल एवं डीजल के दाम में बढ़ोतरी को लेकर शुक्रवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि इससे महंगाई बढ़ना तय है तथा आर्थिक विकास दर में गिरावट भी आएगी।

पेट्रोल-डीजल के दाम पर बढ़ोतरी को लेकर आप, कांग्रेस और शिअद का केंद्र पर हमला
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर आम आदमी पार्टी (आप), कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि यह फैसला आम आदमी की कमर तोड़ देगा और इसकी मार किसानों पर भी पड़ेगी। पंजाब के वित्त मंत्री और आप के वरिष्ठ नेता हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि इस कदम से भाजपा का किसान-विरोधी और जनविरोधी चेहरा बेनकाब हो गया है।

राहुल गांधी बोले-तीन रुपये का झटका आ चुका, बाकी वसूली किस्तों में की जाएगी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि तीन रुपये का झटका आ चुका, बाकी वसूली किस्तों में की जाएगी। गलती मोदी सरकार की, कीमत जनता चुकाएगी।

पहले जनता के वोट लूटते हैं, फिर दुखती रग को दबाते हैं: ईंधन की कीमतों में वृद्धि पर तृणमूल का निशाना
तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ’ब्रायन ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि को लेकर बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि पहले वे जनता के वोट लूटते हैं और फिर उनकी दुखती रग को और दबाते हैं। राज्यसभा सदस्य ने एक्स पर एक पोस्ट में यह प्रश्न भी किया कि क्या अब पश्चिम बंगाल की भाजपा नीत सरकार ईंधन पर मूल्य वर्धित कर (वैट) कम करेगी, क्योंकि अब केंद्र में भी उन्हीं की सत्ता है और उन्हें धन रोके जाने की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

जयराम रमेश ने मोदी सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि वर्षों तक जब अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतें कम थीं या गिर रही थीं, तब भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस लगातार यह मांग करती रही कि उसका लाभ भारतीय उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाए और गैस, पेट्रोल तथा डीजल की घरेलू कीमतों में कमी की जाए। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और उपभोक्ताओं को लूटा गया। अब जबकि प्रधानमंत्री के करीबी दोस्तों-अमेरिका और इजराइल-द्वारा पश्चिम एशिया में छेड़े गए युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतें बढ़ रही हैं और विधानसभा चुनाव भी समाप्त हो चुके हैं, मोदी सरकार ने पहले वाणिज्यिक एलपीजी की कीमतें बढ़ाने के बाद अब पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी कर दी है। इससे महंगाई और बढ़ना तय है, जो अब इस वित्त वर्ष में करीब छह फीसदी तक पहुंचने का अनुमान है। विकास दर के अनुमान भी काफी कम हो जाएंगे। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button