US-India Trade Deal: पीएम मोदी बोले-व्यापार समझौता मेक इन इंडिया को करेगा मजबूत, पैदा करेगा रोजगार; कांग्रेस ने साधा निशाना

Make In India: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि अमेरिका के साथ अंतरिम व्यापार समझौता किसानों और उद्यमियों के लिए नए अवसर खोलकर मेक इन इंडिया को मजबूत करेगा तथा महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार पैदा करेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और अमेरिका के बीच मजबूत संबंधों के प्रति अपनी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को धन्यवाद भी दिया। वहीं, कांग्रेस ने निशाना साधा है।
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप को दिया धन्यवाद
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि भारत और अमेरिका के लिए बहुत अच्छी खबर। हमने अपने दोनों महान देशों के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक फ्रेमवर्क पर सहमति जताई है। मैं हमारे देशों के बीच मजबूत संबंधों के प्रति अपनी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता के लिए राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद देता हूं। यह फ्रेमवर्क हमारी साझेदारी की बढ़ती गहराई, विश्वास और गतिशीलता को दिखाता है। यह भारत के मेहनती किसानों, उद्यमियों, एमएसएईएस, स्टार्टअप इनोवेटर्स, मछुआरों और अन्य लोगों के लिए नए अवसर खोलकर मेक इन इंडिया को मजबूत करता है। इससे महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा होगा।
कहा, यह फ्रेमवर्क मजबूत और भरोसेमंद सप्लाई चेन को भी मजबूत करेगा
भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं और यह फ्रेमवर्क हमारे बीच निवेश और टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप को और गहरा करेगा। यह फ्रेमवर्क मजबूत और भरोसेमंद सप्लाई चेन को भी मजबूत करेगा और वैश्विक विकास में योगदान देगा। जैसे-जैसे भारत एक विकसित भारत बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, हम ऐसे वैश्विक पार्टनरशिप बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो भविष्य-उन्मुख हों, हमारे लोगों को सशक्त बनाएं और साझा समृद्धि में योगदान दें।
व्यापार समझौते में हाउडी मोदी पर भारी पड़ा नमस्ते ट्रंप: कांग्रेस
कांग्रेस ने दावा किया कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर जारी संयुक्त बयान से स्पष्ट हो गया है कि गले मिलने वाली कूटनीति का भारत के लिए कुछ खास नतीजा नहीं निकला। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कटाक्ष करते हुए यह भी कहा कि हाउडी मोदी पर नमस्ते ट्रंप भारी पड़ गया है। कांग्रेस ने जमकर निशाना साधा। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



