Pappu Yadav: राहुल गांधी बोले-पप्पू यादव की गिरफ्तारी राजनीतिक प्रतिशोध, नीट आकांक्षी के लिए आवाज उठाने पर डराया जा रहा

Bihar Politics: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा सदस्य राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध करार देते हुए शनिवार को कहा कि बिहार में नीट आकांक्षी की मौत के मामले में इंसाफ की आवाज उठाने पर उन्हें डराया और धमकाया जा रहा है।
35 साल पुराने मामले में निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को किया गिरफ्तार
पटना पुलिस ने 35 साल पुराने एक मामले में शुक्रवार को निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को गिरफ्तार किया है।
कहा, इम मामले ने सिस्टम की गहरी सड़ांध को उजागर कर दिया
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि पटना में नीट की आकांक्षी छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत और उसके बाद की पूरी कार्रवाई ने एक बार फिर सिस्टम की गहरी सड़ांध को उजागर कर दिया है। पीड़ित परिवार ने जब निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की, तो वही पुराना भाजपा-एनडीए मॉडल सामने आ गया-केस को भटकाओ, परिजनों को प्रताड़ित करो और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण दो। इस बेटी के लिए न्याय की आवाज बनकर साथी सांसद पप्पू यादव जी मजबूती से खड़े हुए। आज उनकी गिरफ्तारी साफ तौर पर राजनीतिक प्रतिशोध है, ताकि जवाबदेही मांगने वाली हर आवाज को डराया और दबाया जा सके। सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि यह घटना किसी एक मामले तक सीमित नहीं दिखती।
कहा, यह राजनीति नहीं, इंसाफ का सवाल है
यह एक भयावह साजिश और खतरनाक पैटर्न की ओर इशारा करती है, जहां और भी बेटियां शिकार बन रही हैं और सत्ता इस खौफनाक सच्चाई से आंखें मूंद कर बैठी है। यह राजनीति नहीं, इंसाफ का सवाल है। यह बिहार की बेटी की इज्जत और सुरक्षा का सवाल है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



