MSP Hike: जानें, सरकार ने किस फसल पर कितनी बढ़ाई एमएसपी, किसानों को कितना होगा फायदा

MSP Hike: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 6.59 प्रतिशत बढ़ाकर 2,425 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया। यह वृद्धि रबी विपणन सत्र 2025-26 के लिए की गई है। महाराष्ट्र, झारखंड और दिल्ली जैसे राज्यों में चुनाव से पहले गेहूं के समर्थन मूल्य में 150 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी महत्वपूर्ण है। रबी विपणन सत्र अप्रैल, 2025 से शुरू होगा।
जौ के लिए 130 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। चने के लिए 210 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। मसूर के लिए 275 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। सरसों के लिए 300 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति (सीसीईए) की बैठक में 2025-26 विपणन सत्र के लिए छह रबी फसलों के एमएसपी में 130-300 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि को मंजूरी दी।
इन फसलों की बढ़ी एमएसपी
चना (देसी) की एमएसपी 210 रुपये बढ़कर 5,650 रुपये प्रति क्विंटल, जौ का एमएसपी 130 रुपये बढ़कर 1,980 रुपये प्रति क्विंटल, मसूर की दर 275 रुपये बढ़ाकर 6,700 रुपये प्रति क्विंटल हो गई है. सनफ्लॉवर सीड्स के लिए भी 140 रुपये की बढ़ोतरी की गई, जिससे इसकी नई दर 5,940 रुपये प्रति क्विंटल हो गई।
एमएसपी पहले मिलती थी इतनी और अब मिलेगी इतनी
गेहूं – पहले: 2275 रुपये, अब: 2425 रुपये
चना – पहले: 5440 रुपये, अब: 5650
मसूर – पहले: 6425 रुपये, अब: 6700 रुपये
जौ – पहले: 1850 रुपये, अब: 1980 रुपये
सरसों – पहले: 5650 रुपये, अब: 5950 रुपये
सनफ्लॉवर सीड्स – पहले: 5800 रुपये, अब: 5940 रुपये
जानें, क्या होती है एमएसपी
एमएसपी यानि न्यूनतम समर्थन मूल्य। सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य वह राशि है, जिस पर फसलों की सरकारी खरीद होती है। बाजार में इन फसलों के दाम कभी-कभी एमएसपी से ऊपर या नीचे हो सकते हैं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



