Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सांड ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, महिला की मौत; दो घायल

UP News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक सांड ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल चालक और उसकी मां भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसे में इनकी गई जान
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन ने बताया कि थाना नानौता क्षेत्र के गांव शेखपुरा निवासी अक्षय शुक्रवार देर शाम अपनी मां प्रमिला और गांव की ही महिला ओमी (58) के साथ मोटरसाइकिल से गांव जा रहा था, तभी उनका वाहन सड़क पर आवारा पशुओं के झुंड से टकरा गया। एक सांड ने ओमी को कई फुट ऊपर उछाल दिया और अक्षय तथा प्रमिला पर भी हमला कर दिया, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से तीनों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सको ने ओमी को मृत घोषित कर दिया। अक्षय तथा प्रमिला का उपचार किया जा रहा है। (भाषा)



