Weather Update: दिल्ली में मंगलवार को आंधी-तूफान और बारिश की संभावना, जानें-कहां कैसा रहा मौसम

Weather News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम है। दिल्ली के पुराने रेलवे पुल पर यमुना का जलस्तर सोमवार सुबह सात बजे खतरे के निशान से नीचे 205.22 मीटर पर आ गया वहीं एक दिन पहले रविवार को यह 205.33 मीटर था। वहीं, देश के कई राज्यों में बारिश हुई।
पंजाब के कुछ हिस्सों में फिर हुई बारिश
बाढ़ग्रस्त पंजाब के कुछ हिस्सों में फिर बारिश हुई है। मौसम विभाग ने सोमवार को यह जानकारी दी। राज्य में सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे के दौरान अमृतसर में 3.7 मिमी, लुधियाना में 6.4 मिमी जबकि पटियाला में 9.2 मिमी बारिश हुई।
कश्मीर में मौसम में सुधार, एक सप्ताह बाद स्कूल खुले
कश्मीर के कुछ इलाकों में भारी बारिश और बाढ़ के कारण पिछले सप्ताह बंद किये गये स्कूल सोमवार को फिर से खुल गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, हालांकि बाढ़ से जलमग्न होने के कारण अब भी दक्षिण और मध्य कश्मीर के विभिन्न स्थानों में 40 स्कूल बंद हैं।
राजस्थान में भारी बारिश जारी, भरतपुर में मकान ढहने से भाई-बहन की मौत
राजस्थान के कई इलाकों में मूसलधार बारिश का दौर जारी है। नदी-नाले उफान पर हैं और कई जगह निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। भरतपुर में एक मकान ढहने से दो लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि भरतपुर के डीग इलाके में रविवार देर रात गांव डुबोकर में एक दोमंजिला मकान भरभराकर गिर गया और हादसे में एक भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। देश के कई राज्यों में भारी बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



