UP ByPoll Voting: उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए सुबह 11 बजे तक 20.51 प्रतिशत मतदान

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की नौ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए सुबह 11 बजे तक औसत मतदान 20.51 प्रतिशत रहा। राज्य निर्वाचन कार्यालय ने यह जानकारी दी। सभी सीट पर बुधवार को सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया जो शाम पांच बजे तक चलेगा।
सपा ने मतदाताओं को रोकने का आरोप लगाया, भाजपा ने बुर्का पहनी महिलाओं की पहचान की मांग की
उत्तर प्रदेश में उपुचनाव के लिए जारी मतदान प्रक्रिया के बीच बुधवार को समाजवादी पार्टी (सपा) ने आरोप लगाया कि कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में पुलिसकर्मी मतदाताओं को मतदान करने से रोक रहे हैं, जबकि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दावा किया कि बुर्का पहनी महिलाओं के चेहरे उनके पहचान पत्र से मेल नहीं खा रहे हैं। सपा और भाजपा दोनों ने निर्वाचन आयोग से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।
मीरापुर विधानसभा क्षेत्र के एक गांव में दो समूह भिड़े
मुजफ्फरनगर में मीरापुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान के दौरान बुधवार को ककरौली गांव में दो समूह आपस में भिड़ गए और पथराव किया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिषेक सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और ‘हल्का बल’ प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया।
योगी आदित्यनाथ, अखिलेश यादव और मायावती ने की मतदान की अपील
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने मतदाताओं से राज्य की नौ विधानसभा सीट के लिए बुधवार को हो रहे उपचुनाव में जिम्मेदाराना तरीके से और सक्रियता से मतदान करने की अपील की। राज्य की मीरापुर, गाजियाबाद, कुंदरकी, खैर, करहल, सीसामऊ, कटेहरी, मझवां और फूलपुर सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। (भाषा)



