Maharashtra Assembly Election 2024 Voting: महाराष्ट्र में सुबह 11 बजे तक 18.14 प्रतिशत मतदान

Maharashtra Assembly Election 2024: महाराष्ट्र में बुधवार सुबह 11 बजे तक कड़ी सुरक्षा के बीच विधानसभा चुनाव के लिए 18.14 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
महाराष्ट्र चुनाव: अजित पवार, आरएसएस प्रमुख भागवत शुरुआती मतदाताओं में शामिल
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत राज्य विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को हो रहे मतदान में सबसे पहले अपने मताधिकार का प्रयोग करने वालों में शामिल थे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता अजित पवार और उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने पुणे जिले के बारामती क्षेत्र के काटेवाडी में अपना वोट डाला।
उपमुख्यमंत्री का मुकाबला बारामती विधानसभा सीट पर उनके भतीजे और राकांपा (शरदचंद्र पवार) उम्मीदवार युगेंद्र पवार से है। अजित पवार ने कहा, ‘‘मुझे पूरा भरोसा है कि बारामती के लोग मेरे साथ खड़े होंगे और मैं बड़ी बढ़त के साथ सीट जीतूंगा।’’युगेन्द्र पवार ने भी अपने माता-पिता के साथ बारामती में वोट डाला। अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले और राकांपा (एसपी) नेता सुप्रिया सुले के कथित ‘वॉयस नोट’ चलाकर आरोप लगाया कि राज्य चुनावों को प्रभावित करने के लिए बिटकॉइन को भुनाने की कोशिश की जा रही है। भाजपा ने दावा किया कि इससे स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराने पर गंभीर सवाल उठता है। इस बारे में पूछे जाने पर अजित पवार ने कहा कि आरोपों की सच्चाई जानने के लिए जांच होनी चाहिए।उन्होंने कहा, ‘‘मैं समाचार देख रहा था। मैं पटोले को कई वर्षों से जानता हूं। मैं उनकी आवाज पहचान सकता हूं। फिर भी मैं आवाज के बारे में सही से नहीं बता सकता, क्योंकि ऐसे लोग हैं जो दूसरों की आवाज की नकल कर सकते हैं।’’ उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘लेकिन जहां तक मौजूदा ‘ऑडियो नोट’ में आवाज का सवाल है, यह सुप्रिया सुले और नाना पटोले की आवाज है।’’ उन्होंने कहा कि इसकी जांच होगी और सच्चाई सामने आएगी।
लोकसभा सदस्य सुले और उनकी बेटी ने भी बारामती में वोट डाला। सुले ने पत्रकारों से बातचीत में अपने खिलाफ भाजपा के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा, ‘‘कल भाजपा ने भी पांच सवाल पूछे थे। उनके आरोपों पर मेरा जवाब ‘नहीं’ है। उस ‘ऑडियो क्लिप’ में मेरी आवाज नहीं है। कोई भी जांच कर सकता है। मेरा इस मामले से कोई संबंध नहीं है।’’ सुले ने कहा कि वह भाजपा के सभी आरोपों का जवाब देने के लिए तैयार हैं। युगेन्द्र पवार ने भी अपनी बुआ सुले के खिलाफ लगे आरोपों को ‘‘निराधार और झूठा’’ बताया। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि मुझे बारामती के लोगों का समर्थन और आशीर्वाद मिलेगा।’’
आरएसएस प्रमुख भागवत ने सुबह सात बजे मतदान शुरू होने के तुरंत बाद नागपुर के महल क्षेत्र में एक मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वोट डालने के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख ने पत्रकारों से कहा कि लोकतंत्र में मतदान प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और उन्होंने मतदाताओं से मुद्दों पर वोट करने तथा शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘‘जब भी चुनाव होता है, मैं सबसे पहले सुबह वोट डालता हूं और फिर अन्य काम करता हूं।’’ भागवत ने कहा कि वह उत्तराखंड में थे, लेकिन अपना कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर मंगलवार को मतदान करने नागपुर आ गए। उन्होंने कहा, ‘‘मैं आज ही निकल जाऊंगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मतदान एक कर्तव्य है जिसे मतदाताओं को निभाना चाहिए।’’
मुंबई में भाजपा नगर प्रमुख आशीष शेलार और उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाईक शुरुआती मतदान करने वालों में शामिल थे। महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने मुंबई के राजभवन क्लब मतदान केन्द्र में अपना वोट डाला। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर शक्तिकांत दास, पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर, हिंदी फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार, राजकुमार राव समेत अन्य शख्सियतों ने अपने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। कांग्रेस नेता अमित देशमुख ने लातूर में मतदान किया। मुंबई के कई निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह साढ़े छह बजे से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लग गईं।
प्रधानमंत्री मोदी ने मतदाताओं से की लोकतंत्र के उत्सव में भाग लेने की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को महाराष्ट्र के मतदाताओं से पूरे उत्साह के साथ मतदान करने और लोकतंत्र के उत्सव में भाग लेने का आग्रह किया। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं और युवा मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की।
खरगे, राहुल ने मतदाताओं से स्वाभिमान व संविधान की रक्षा के लिए वोट देने की अपील की
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को महाराष्ट्र तथा झारखंड के मतदाताओं से बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का आह्वान किया। खरगे ने महाराष्ट्र के लोगों से अपील की कि वोट देने से पहले सोचना होगा कि गिरते राजनीतिक स्तर ने राज्य के स्वाभिमान को कितनी ठेस पहुंचाई है। राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के मतदाताओं से आह्वान किया कि वे राज्य के स्वाभिमान और संविधान की रक्षा के लिए वोट डालें। महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीट के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं तथा झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे एवं अंतिम चरण में 38 सीट के लिए मतदान हो रहा है। दोनों राज्यों में मतगणना 23 नवंबर को होगी। खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया।
मतदाताओं को पैसे बांटने का आरोप ‘बेबुनियाद’, निर्वाचन आयोग करे निष्पक्ष जांच : तावडे
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को लुभाने के लिए पांच करोड़ रुपये बांटने के आरोप लगने के कुछ घंटों बाद, भाजपा महासचिव विनोद तावडे ने उनके खिलाफ लगाये गए आरोपों को मंगलवार को ‘‘बेबुनियाद’’ करार दिया और निर्वाचन आयोग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने का आग्रह किया।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के बीच चंद्रपुर जिले में 60 लाख रुपये नकद जब्त
चुनाव आयोग के एक उड़न दस्ते ने बुधवार को महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के राजुरा निर्वाचन क्षेत्र में 60 लाख रुपये जब्त किए।एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि जहां विधानसभा चुनाव चल रहे हैं वहां चुनाव अधिकारियों ने गडचंदूर में एक घर पर छापा मारा और नकदी और कुछ अभियान सामग्री जब्त की। राजुरा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के देवराव भोंगले और कांग्रेस के उम्मीदवार सुभाष धोटे सहित कुल 17 उम्मीदवार मैदान में हैं। अधिकारी ने कहा कि आयकर अधिकारियों को भी जब्ती के बारे में सूचित कर दिया गया है। महाराष्ट्र के सभी 288 निर्वाचन क्षेत्रों में विधानसभा चुनाव बुधवार को एक ही चरण में हो रहे हैं। (भाषा)



