Manipur News: मणिपुर सरकार ने जनता से शांति बनाए रखने और गलत सूचनाओं, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने का किया आग्रह

Imphal News: मणिपुर सरकार ने नागरिकों से शांति बनाये रखने और अपुष्ट समाचारों, अफवाहों या गलत सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने का मंगलवार को आग्रह किया। सरकार ने कहा कि अफवाहों या गलत सूचनाओं से लोगों में दहशत फैल सकती है या राज्य में शांति और सद्भाव का माहौल खराब हो सकता है।
मुख्य सचिव ने कही ये बात
मुख्य सचिव पीके सिंह द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि सरकार के संज्ञान में आया है कि कुछ असामाजिक तत्व और समूह जानबूझकर गलत सूचना, भड़काऊ सामग्री या मनगढ़ंत विमर्श का इस्तेमाल करके अशांति भड़काने, सद्भाव को बाधित करने और जनता में भय फैलाने का प्रयास कर सकते हैं। इस तरह के कृत्यों का मकसद अराजकता पैदा करना है और जनता को सलाह दी जाती है कि वे इस तरह की गलत सूचना या उकसावे पर ध्यान न दें। लोगों को सही जानकारी मिले, यह सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है, जहां नागरिक किसी भी समाचार या सूचना की पुष्टि कर सकते हैं। शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना एक सामूहिक जिम्मेदारी है और सरकार सभी निवासियों को अशांति पैदा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सतर्क रहने की सलाह देती है। हिंसा भड़काने या सद्भाव को बाधित करने के किसी भी प्रयास से कानून के अनुसार सख्ती से निपटा जाएगा। (भाषा)



