खेल-मनोरंजन

Priya Saroj And Rinku Singh: कौन हैं प्रिया सरोज, जिनकी क्रिकेटर रिंकू सिंह से विवाह की है चर्चा

Priya Saroj-Rinku Singh: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज से विवाह के बंधन में बंधने जा रहे हैं। प्रिया के पिता और केराकट से सपा विधायक तूफानी सरोज ने बताया कि उनके परिवार ने अलीगढ में रिंकू के पिता से दोनों के विवाह के बारे में बात की है और दोनों पक्ष इसके लिए राजी हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक कोई सगाई या रोका नहीं हुआ है।

यहां होगी सगाई
तीन बार सांसद रह चुके तूफानी सरोज ने कहा कि रिंकू और प्रिया पिछले एक साल से एक-दूसरे को जानते हैं। उनकी मुलाकात प्रिया की एक दोस्त के माध्यम से हुई, जिसके पिता भी क्रिकेटर हैं। दोनों ने एक-दूसरे को पसंद किया लेकिन अपने परिवारों की सहमति का इंतजार कर रहे थे। अब दोनों परिवार इस रिश्ते से खुश हैं। विवाह से संबंधित रस्मों की तिथियां संसद सत्र के बाद तय की जाएंगी। सगाई लखनऊ में होगी।



कौन हैं रिंकू सिंह
रिंकू सिंह 22 जनवरी से इंग्लैंड में एक टी20 सीरीज में खेलने जा रहे हैं। इसके बाद वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी खेलेंगे। शादी के कार्यक्रमों को इस तरह से आयोजित किया जाएगा कि उनका क्रिकेट पर असर न पड़े।

ऐसे हुई मुलाकात
सूत्रों के अनुसार, दोनों परिवारों ने हाल ही में अलीगढ़ के ओजोन सिटी स्थित रिंकू सिंह के घर पर मुलाकात की और शादी को अंतिम रूप दिया। इस मौके पर ‘शगुन’ और उपहारों का आदान-प्रदान भी हुआ।

कौन हैं प्रिया सरोज
प्रिया सरोज वाराणसी के करखियाव गांव की रहने वाली हैं। वह समाजवादी पार्टी से लंबे समय से जुड़ी हुई हैं और पिछले वर्ष जौनपुर जिले की मछलीशहर लोकसभा सीट से मात्र 25 वर्ष की उम्र में सांसद चुनी गईं। पूर्व में सुप्रीम कोर्ट में वकालत कर चुकीं प्रिया सरोज ने 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अपने पिता के लिए प्रचार करते हुए सुर्खियां बटोरी थीं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से आर्ट्स में स्नातक और नोएडा स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री हासिल की है। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button