देश-दुनिया

Nepal News: हिंसाग्रस्त नेपाल में निषेधाज्ञा बढ़ाई गई, कुछ समय के लिए आवाजाही की अनुमति

Nepal: नेपाल सेना ने बृहस्पतिवार को काठमांडू घाटी के तीन जिलों में निषेधाज्ञा बढ़ा दी है तथा कुछ निश्चित समयावधि के लिए लोगों की आवाजाही की अनुमति दे दी है। इससे हिंसक प्रदर्शनों के बाद इस हिमालयी राष्ट्र में धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो रही है। इन हिंसक प्रदर्शनों के कारण के पी शर्मा ओली को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा। सेना सड़कों पर पहरा दे रही है। इस बीच, ओडिशा में रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने नेपाल में शांति के लिए रेत पर कलाकृति बनाई है।

नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री खनल की पत्नी की हालत गंभीर: मीडिया रिपोर्ट
नेपाल में हिंसा के दौरान झुलसीं राज लक्ष्मी चित्राकर (पूर्व प्रधानमंत्री झाला नाथ खनल की पत्नी) की हालत गंभीर है और अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा है। बुधवार को मीडिया में आई एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। मंगलवार को काठमांडू के दल्लू इलाके में खनल के आवास को भीड़ ने आग लगा दी थी। आवास के अंदर फंसी चित्राकर गंभीर रूप से झुलस गई थीं।

नेपाल में हालात पटरी पर लौटे, हिंसा रोकने के लिए सेना सड़कों पर गश्त कर रही
नेपाल में बुधवार को सामान्य स्थिति बहाल होती नजर आई। इस बीच, सैनिकों को देश में कानून-व्यवस्था कायम करने और आंदोलन की आड़ में संभावित हिंसा को रोकने के लिए सड़कों पर गश्त करते देखा गया।

नेपाल में अंतरिम सरकार के प्रमुख पद के लिए सुशीला कार्की, बालेंद्र शाह के नाम पर विचार
नेपाल की पूर्व प्रधान न्यायाधीश सुशीला कार्की, काठमांडू के महापौर बालेंद्र शाह और बिजली बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष कुलमन घीसिंग का नाम उन लोगों में शामिल है, जिन पर प्रदर्शनकारी ‘जेन जी’ समूह देश की अंतरिम सरकार का नेतृत्व करने के लिए विचार कर रहा है। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

चीन ने नेपाल के सभी वर्गों से स्थिरता बहाल करने का किया आग्रह
चीन ने बुधवार को नेपाल के सभी वर्गों से ‘‘घरेलू मुद्दों’’ को उचित तरीके से संभालने और सामाजिक व्यवस्था एवं स्थिरता बहाल करने का आग्रह किया। नेपाल में हिंसक विरोध प्रदर्शनों के कारण प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली को इस्तीफा देना पड़ा। चीन ने नेपाल में मौजूद अपने नागरिकों को आवश्यक सुरक्षा सावधानियां बरतने की भी सलाह दी। गौरतलब है कि इस समय दुनिया की नजर चीन पर है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button