UP News: गोरखपुर में सीएम योगी बोले, युवा खेलेगा तो खिलेगा; नशे से भी दूर रहेगा

UP Sports: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शुक्रवार को आयोजित पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय बास्केटबॉल (महिला) प्रतियोगिता 2025-26 के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। इस दौरान योगी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। खेल विवरणिका का विमोचन किया।

कहा, विकसित भारत 2047 का लक्ष्य हम प्राप्त कर सकेंगे
योगी ने कहा कि युवा यदि खेलकूद की गतिविधियों में आगे बढ़ेगा तो नशे से दूर रहेगा, तमाम विकृतियों से बचा रहेगा। जो खेलेगा, वही खिलेगा, तभी देश आगे बढ़ेगा और विकसित भारत-2047 का लक्ष्य हम प्राप्त कर सकेंगे।

खेल को गोद लें विश्वविद्यालय और महाविद्यालय
योगी ने कहा कि मैं सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से इस बात का आह्वान करूंगा कि कम से कम एक खेल को गोद लेकर अच्छे खिलाड़ियों को तराशने का काम करें।

उत्तर प्रदेश में 500 से अधिक खिलाड़ियों को नौकरी दी
योगी ने कहा कि अब तक हमने उत्तर प्रदेश के अंदर 500 से अधिक खिलाड़ियों को अलग-अलग विभागों में सीधे नौकरी दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2036 का ओलंपिक भी भारत में हो। इसमें भारत अधिकाधिक मेडल प्राप्त करे, इसकी तैयारी हम सबको करनी चाहिए। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



