देश-दुनिया

Weather Update: उफ ये सर्दी, पहाड़ से मैदान तक ठंड का कहर, जानें-मौसम का हाल

Weather: देश के अधिकांश राज्यों में सर्दी का सितम जारी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को वायु गुणवत्ता फिर बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई है। औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) का स्तर 336 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के समीर एप के आंकड़ों से यह जानकारी मिली। दिल्ली और एनसीआर सहित देश के कई राज्यों में ठंड का प्रकोप बरकरार है। ठंड की वजह से लोग घरों में दुबके रहे। कोहरे की वजह से वाहनों की रफ्तार थम गई।

नेहरू नगर में वायु गुणवत्ता सबसे खराब रही
स्टेशनवार आंकड़ों के अनुसार, नेहरू नगर में वायु गुणवत्ता सबसे खराब रही, जहां 360 स्टेशन में यह बहुत खराब श्रेणी में थी। इसके अलावा 21 और स्टेशनों में वायु गुणवत्ता बहुत खराब दर्ज की गई, जबकि 14 स्टेशन में खराब श्रेणी में और दो स्टेशनों में मध्यम दर्ज की गई।

हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में ठंड बढ़ी
हरियाणा और पंजाब में तेज ठंड पड़ रही है और कुछ हिस्सों में तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से भी नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी। मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, भिवानी भी भीषण ठंड की चपेट में रहा, जहां न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रहा।

कश्मीर घाटी शीतलहर की चपेट में, सोनमर्ग सबसे ठंडा स्थान
कश्मीर घाटी में शीतलहर का प्रकोप जारी है और अधिकतर हिस्सों में रात का तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में स्थित पर्यटन स्थल सोनमर्ग मंगलवार रात को जम्मू कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 10.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इधर, यूपी के गाजियाबाद में भी ठंड का प्रकोप जारी है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button