Mangalvar Vrat Vidhi: मंगलवार का व्रत रखने से कट जाते हैं पाप, मिलेगी मनचाही सफलता; सुनें ये भजन

मंगलवार (Mangalvar) का दिन राम भक्त हनुमान (Hanuman) को समर्पित है। इस दिन हनुमान जी की पूजा करने से भक्तों को लाभ मिलता है। हनुमान जी को संकटमोचक भी कहा जाता है, वह अपने भक्तों के सभी कष्ट हरते हैं। इस दिन सच्चे मन से हनुमान जी की पूजा करनी चाहिए। साथ ही, हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ भी करना चाहिए।
जानें, मंगलवार के दिन क्यों की जाती है हनुमान जी की पूजा
पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक, मंगलवार के ही दिन बजरंग बली का जन्म हुआ था। इसलिए उनकी पूजा के लिए यह दिन समर्पित होता है। मंगलवार के दिन हनुमान जी का व्रत किया जाता है। इस दिन व्रत करने से जीवन के सभी प्रकार के कष्ट और संकट दूर होते हैं। मंगल ग्रह का संबंध भी हनुमान जी से माना गया है, इस वजह से भी मंगलवार को हनुमान जी की पूजा की जाती है।
मंगलवार के दिन पूजा से क्या मिलते हैं लाभ
माना जाता है कि मंगलवार के दिन बजरंग बली की पूजा करने से वह जल्द प्रसन्न होते हैं। अपने भक्तों के सभी कष्ट हर लेते हैं। इस दिन उपवास करने और सुंदरकांड का पाठ करने से मंगल के अशुभ प्रभाव भी दूर होते हैं। इस दिन ऊं श्री हनुमंते नम: मंत्र का जाप करने पर विशेष फल मिलता है।
मंगलवार के व्रत के दौरान इन बातों का रखें ध्यान
मंगलवार के व्रत में पूजा के समय मन को इधर-उधर न भटकने दें। इस दिन नमक का सेवन न करें। अगर किसी मीठी वस्तु का दान करते हैं, तो उसे स्वयं ग्रहण न करें। मंगलवार के व्रत में काले या सफेद वस्त्र पहनकर हनुमान जी की पूजा नहीं करें। इस दिन लाल कपड़े पहनना सबसे अच्छा होता है। व्रत रखने वाले व्यक्ति को दिन भर में केवल एक बार भोजन करना चाहिए। हनुमान की स्मरण करते रहें। ऐसा करने से हनुमान जी प्रसन्न होंगे।
मंगलवार के दिन ऐसा करने से प्रसन्न होंगे हनुमान जी
मंगलवार के दिन हनुमान जी को बेसन के लड्डूओं का भोग लगाना चाहिए। हनुमान जी को सिंदूर अति प्रिय है। मंगलवार और शनिवार के दिन हनुमान जी को सिंदूर अर्पित किया जाता है। सिंदूर में चमेली के तेल को मिलाकर हनुमान जी को लगाया जाता है। मंगलवार को हनुमान जी को केवड़े का इत्र व गुलाब की माला चढ़ाएं और पूजा के दौरान स्वयं लाल रंग के वस्त्र पहनें। धन के लिए हनुमान जी को प्रसन्न करने का यह सबसे सरल उपाय है।
मंगलवार के दिन न करें ये काम
मंगलवार के दिन गृह प्रवेश नहीं करना चाहिए। माना जाता है कि मंगलवार के दिन बाल कटवाना, दाढ़ी बनाना, नाखून काटना अशुभ होता है। मंगलवार के दिन उधार पैसा न किसी से लेना चाहिए और न ही इस दिन किसी को उधार पैसा देना चाहिए। मंगलवार को सात्विक रहना बहुत जरूरी है। इस दिन रामभक्त का गुणगान करते रहें। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



