Weather Update: दिल्ली में भारी बारिश की संभावना, हरियाणा में बढ़ा यमुना का जलस्तर; पंजाब में सभी कॉलेज और विश्वविद्यालय बंद

Weather News: देश के कई राज्यों में इस बार बारिश और बाढ़ का कहर बरपा रही है। दिल्ली में भारी बारिश की संभावना है। हरियाणा में भारी बारिश की वजह से यमुना का जस्तर बढ़ गया है। पंजाब में भारी बारिश और बाढ़ की वजह से मुश्किलें बढ़ गई हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को गरज-चमक तथा तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 2.8 डिग्री सेल्सियस कम है।
हरियाणा में यमुना का जलस्तर बढ़ा, कई जिलों में फिर से बारिश
हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से जारी लगातार बारिश के कारण सोमवार को यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिसके बाद अधिकारियों ने हथिनीकुंड बैराज के द्वार खोल दिए। सिंचाई विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि यमुनानगर जिले के हथिनीकुंड बैराज में यमुना नदी में पानी का प्रवाह बढ़कर 3.29 लाख क्यूसेक हो गया, जो इस मानसून के मौसम में दर्ज किया गया अब तक का सबसे अधिक जल प्रवाह है।
अमित शाह ने पंजाब के राज्यपाल, मुख्यमंत्री से बात कर बाढ़ की स्थिति का लिया जायजा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और मुख्यमंत्री भगवंत मान से बात की तथा राज्य में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। टेलीफोन पर बातचीत के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री को मौजूदा स्थिति तथा प्रभावित लोगों के बचाव एवं राहत के लिए प्रशासन द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी।
पंजाब में बाढ़, सभी कॉलेज, विश्वविद्यालय तीन सितंबर तक बंद रहेंगे
पंजाब सरकार ने राज्य भर में लगातार बारिश के मद्देनजर सभी कॉलेज, विश्वविद्यालयों और पॉलिटेक्निक संस्थानों को तीन सितंबर तक बंद करने की सोमवार को घोषणा की। पंजाब में बाढ़ की वजह से लोगों को परेशानी हो रही है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



