Narendra Modi: पीएम मोदी बोले, साल 2050 तक 44 करोड़ भारतीय हो सकते हैं मोटापे से ग्रस्त, खाद्य तेल की खपत में करें कमी

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को एक बार फिर मोटापे की समस्या को उठाया और एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि 2050 तक 44 करोड़ भारतीय मोटापे से ग्रस्त हो सकते हैं। उन्होंने इन आंकड़ों को चौंकाने वाला और खतरनाक बताया। मोटापे को कई बीमारियों की जड़ बताते हुए मोदी ने लोगों से आग्रह किया कि वे नियमित शारीरिक व्यायाम करके और खाद्य तेल की खपत को 10 प्रतिशत तक कम करके शरीर की अत्यधिक चर्बी को खत्म कर सकते हैं।
केंद्र ने मुद्रा योजना के तहत दिए 32 लाख करोड़ रुपये
प्रधानमंत्री ने कहा कि मुद्रा योजना के तहत केंद्र ने 32 लाख करोड़ रुपये के ऋण दिए हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिनके पास शून्य सीटें हैं, वे इस राशि के शून्य नहीं गिन सकते हैं।
सिलवासा में नमो अस्पताल का उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्र शासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव के सिलवासा में नमो अस्पताल (प्रथम चरण) का उद्घाटन किया। अधिकारियों के मुताबिक, 450 बिस्तरों वाले इस अस्पताल के निर्माण पर 460 करोड़ रुपये की लागत आई है और इससे केंद्र शासित प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।
पीएम मोदी अगले सप्ताह जाएंगे मॉरीशस, राष्ट्रीय दिवस समारोह के मुख्य होंगे अतिथि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 मार्च से मॉरीशस की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर रहेंगे और इस देश के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि भारतीय रक्षा बलों की एक टुकड़ी भी समारोह में भाग लेगी।(भाषा)



