PM Modi Rajasthan Visit: पीएम मोदी ने जोधपुर हवाई अड्डे पर नए टर्मिनल भवन का किया उद्घाटन

PM Modi In Jodhpur: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान में जोधपुर हवाई अड्डे पर नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने उड़ान योजना के अगले चरण की शुरुआत की। राजस्थान के दौरे पर पहुंचे मोदी ने जोधपुर हवाई अड्डे पर रिमोट का बटन दबाकर नए टर्मिनल भवन का भी उद्घाटन किया। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना को कुल 480 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। 23,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैला यह नया टर्मिनल भवन प्रति वर्ष 20 लाख यात्रियों को संभालने में सक्षम है। यह आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित है ताकि यात्रियों को सुगम और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिल सके।
टर्मिनल की खासियत
राजस्थान की शाही विरासत से प्रेरित वास्तुकला के आधार पर निर्मित यह टर्मिनल मेहराब और झरोखों जैसे पारंपरिक तत्वों को समकालीन डिजाइन के साथ खूबसूरती से समाहित करता है। ऊर्जा-कुशल प्रणालियों, जल संरक्षण उपायों और हरित भवन निर्माण पद्धतियों जैसी विशेषताओं के साथ, सतत विकास टर्मिनल के डिजाइन का अभिन्न अंग रहा है, जिसका उद्देश्य फाइव-स्टार जीआरआईएचए रेटिंग प्राप्त करना है। जोधपुर हवाई अड्डे पर नए टर्मिनल भवन के उद्घाटन से क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
उड़ान योजना की शुरुआत
प्रधानमंत्री ने संशोधित उड़ान योजना की शुरुआत की, जिसमें क्षेत्रीय संपर्क पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार इससे भारतीय विमानन क्षेत्र को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा और नागरिक विमानन के परिदृश्य में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। साथ ही, उड़े देश का आम नागरिक की विजन को भी बढ़ावा देगा। इस योजना के तहत 28,840 करोड़ का आवंटन किया गया है, जिसका उद्देश्य अगले 10 वर्षों में विमानन-आधारित विकास को गति देना है। यह रणनीतिक पहल सुनिश्चित करेगी कि देश भर में व्यापक और स्थायी संपर्क कायम रहे। इस अवसर पर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी मौजूद थे। (भाषा)



