राजनीति

JK Election: राहुल गांधी बोले, कश्मीर से हम डर को मिटाना चाहते हैं, गठबंधन कर लड़ेंगे चुनाव

लोकसभा (LokSabha) में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने वीरवार को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में कहा कि जैसे ही हमें पता चला कि चुनाव होने वाले हैं, तो मल्लिकार्जुन खरगे और हम मिले और हमने तय किया कि हमें सबसे पहले जम्मू-कश्मीर आना चाहिए। हम जम्मू और कश्मीर के लोगों और हिंदुस्तान के हर राज्य के लोगों को ये संदेश देना चाहते हैं कि हमारे लिए जम्मू और कश्मीर के लोगों का प्रतिनिधित्व व राज्य का दर्जा सबसे जरूरी चीज है।

जम्मू और कश्मीर के लोगों का प्रतिनिधित्व हमारे लिए और देश के लोगों के लिए जरूरी है, इसलिए हम यहां पहले आए हैं
हिंदुस्तान के इतिहास में आजादी के बाद कई बार केंद्रीय शासित प्रदेश को राज्य में बदला गया है, लेकिन एक ही उदाहरण है जब राज्य का दर्जा छीनकर केंद्र शासित प्रदेश बनाया गया है। हम यह संदेश देना चाहते हैं कि जम्मू और कश्मीर के लोगों का प्रतिनिधित्व हमारे लिए और देश के लोगों के लिए जरूरी है, इसलिए हम यहां पहले आए हैं।

मैं जानता हूं कि आप लोगों को क्या सहना पड़ा
अगर आत्मविश्वास से, निडरता के साथ किसी ने जम्मू-कश्मीर में काम किया है तो वो कांग्रेस का कार्यकर्ता है। मैं जानता हूं कि आप लोगों को क्या सहना पड़ता है। गठबंधन होगा लेकिन कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का सम्मान बरकरार रखते हुए होगा, क्योंकि आपने अपना पूरा जीवन कांग्रेस की विचारधारा की रक्षा करने में और उसे आगे बढ़ाने में दिया है। देश की हालत आप जानते हैं।

जम्मू और कश्मीर के लोगों के दिल के दर्द को मिटाना ही लक्ष्य
मैं लोकतंत्र की रक्षा पूरे देश में करता हूं लेकिन मेरे लिए जम्मू और कश्मीर के लोगों के दिल के दर्द को मिटाना ही लक्ष्य है। जो आपको सहना पड़ता है, जिस डर में आप जीते हो, जो दुख आपको होता है उसे मैं, मल्लिकार्जुन खरगे, पूरी कांग्रेस हमेशा के लिए मिटाना चाहते हैं।

मल्लिकार्जुन खरगे बोले, हमें इस देश को बचाने के लिए आपका वोट चाहिए
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि राहुल गांधी ने स्पष्ट कहा कि उनका रिश्ता जम्मू-कश्मीर से है, इसलिए हमारी अपेक्षा है कि जम्मू-कश्मीर की जनता आने वाले चुनाव में जरूर हमारा साथ देगी लेकिन आपको पूरी ताकत लगानी पड़ेगी। भाजपा हमेशा तय करती है कि कहां से चुनाव शुरू करने हैं, किस ढ़ंग से लोगों को चुनकर लाना है और उनका सारा गुस्सा कांग्रेस के ऊपर है, दूसरी पार्टियों के ऊपर नहीं है क्योंकि दूसरी पार्टियां लड़ती ही नहीं हैं। लड़ने वाला एक ही बहादुर व्यक्ति है और वो हैं राहुल गांधी। इसलिए डरने वालों का साथ मत दीजिए। हम लोग, हमारी पार्टी आपके साथ है और साथ रहेगी। हमें केवल वोटों के लिए आपकी जरूरत नहीं है बल्कि हमें इस देश को बचाने के लिए आपका वोट चाहिए। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button