Women Reservation: पीएम मोदी बोले, विपक्ष ने आरक्षण विधेयक को रोककर महिलाओं के सपनों को कुचला

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि विपक्षी दलों ने सरकार के तमाम प्रयासों के बावजूद संसद में महिला आरक्षण (संशोधन) विधेयक को पारित न होने देकर महिलाओं के सपनों को निर्दयतापूर्वक कुचल दिया है। पीएम मोदी लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण से संबंधित संशोधन विधेयक के लोकसभा में पारित न होने के एक दिन बाद राष्ट्र को संबोधित कर रहे थे।
ममता बनर्जी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र को संबोधित करने से पहले उन पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके भाषणों से गरीबों को कोई राहत नहीं मिली और वे झूठ का पुलिंदा मात्र हैं।
उनके भाषणों को झूठ का पुलिंदा बताया
दक्षिण 24 परगना जिले के भांगर में एक रैली में ममता बनर्जी ने कहा कि मैं सुन रही हूं कि प्रधानमंत्री एक बार फिर देश को संबोधित करेंगे और फिर से झूठों का एक और जाल बुनेंगे। लोग उनके भाषण सुनकर राशन नहीं पाएंगे। उनके भाषण सिर्फ झूठों का पुलिंदा हैं।
कहा, भाजपा का पतन शुरू हो गया, केंद्र में अल्पमत सरकार
ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा का संसद में पतन शुरू हो गया है और यह पश्चिम बंगाल में भी जारी रहेगा। ममता ने 2029 से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने संबंधी संविधान संशोधन विधेयक को केंद्र द्वारा पारित कराने में नाकाम रहने के संदर्भ में यह बात कही।
ममता को मुख्यमंत्री के पद से हटाना होगा, वरना बांग्लादेशी मुसलमान बंगाल को हमसे छीन लेंगे: हिमंत
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को ममता बनर्जी सरकार पर पश्चिम बंगाल के संसाधनों को बांग्लादेशी मुस्लिम घुसपैठियों के हवाले करने का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें सत्ता से हटाना होगा, वरना हम बंगाल गंवा देंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता हिमंत शर्मा ने कालिम्पोंग में एक रैली में दावा किया कि असम और त्रिपुरा की भाजपा सरकारों ने बांग्लादेशी मुसलमानों को भारत में प्रवेश करने से रोका है, जबकि बंगाल में अवैध घुसपैठ जारी है। (भाषा)



