JP Jayanti: राजग का साथ छोड़ें नीतीश, जेपी सेंटर में प्रवेश को लेकर विवाद पर बोले अखिलेश

यूपी (UP) के पूर्व सीएम व समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से उनकी पार्टी का समर्थन वापस लेने का आग्रह करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा नीत सरकार ने समाजवादी विचारक जयप्रकाश नारायण (JP) को श्रद्धांजलि देने से ‘समाजवादियों’ को रोक दिया है।
जदयू का अखिलेश पर पलटवार, जेपी के विचारों को अपनाया होता तो सपा पर ‘परिवार’ का आधिपत्य नहीं होता
जनता दल (यूनाइटेड) ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से अलग हो जाने की नसीहत दिए जाने पर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर पलटवार किया और परिवारवाद को लेकर उनपर निशाना साधा। जद (यू) ने कहा कि समाजवादी विचारक जयप्रकाश नारायण ने जिन जीवन मूल्यों को अपनाया, अगर अखिलेश यादव ने उसका लेस मात्र भी अपनाया होता तो समाजवादी पार्टी पर ‘एक परिवार’ का संपूर्ण आधिपत्य नहीं होता।
अखिलेश को ‘सुरक्षा चिंताओं’ के कारण जेपीएनआईसी का दौरा न करने को कहा गया
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को सूचित किया है कि शुक्रवार को यहां जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र (जेपीएनआईसी) का उनका निर्धारित दौरा सुरक्षा के लिहाज से “उचित नहीं” है, क्योंकि वहां निर्माण कार्य चल रहा है। यहां जेपीएनआईसी के बाहर आधी रात को हुए घटनाक्रम के बाद, यादव ने शुक्रवार सुबह उनके घर के पास बैरिकेड्स लगाने को लेकर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की आलोचना की। उनका कहना था कि ‘समाजवादियों’ को मौके पर जाने से रोकने और समाजवादी विचारक की प्रतिमा पर माल्यार्पण न करने देने के इरादे से ऐसा किया गया।
अखिलेश ने अपने घर के पास जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को अपने आवास के बाहर एक वाहन पर रखी जयप्रकाश नारायण की आवक्ष प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। अधिकारियों द्वारा सपा नेता को सुरक्षा कारणों से जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र (जेपीएनआईसी) न जाने की सलाह दिये जाने के बाद उनके विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास के बाहर सुबह से ही सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता एकत्र थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने जेपी और नानाजी देशमुख को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपातकाल-विरोधी आंदोलन का नेतृत्व करने वाले समाजवादी नेता जयप्रकाश नारायण और भारत रत्न से सम्मानित विचारक नानाजी देशमुख की जयंती पर शुक्रवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा देश के प्रति उनके योगदान की सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘लोकनायक जयप्रकाश नारायण को उनकी जयंती पर मेरी आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। उन्होंने देश और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका व्यक्तित्व और आदर्श हर पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।’’
आदित्यनाथ और अन्य भाजपा नेताओं ने ‘लोकनायक’ को श्रद्धांजलि दी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आपातकाल का पुरजोर विरोध करने वाले समाजवादी नेता जयप्रकाश नारायण को सही मायने में ‘लोकनायक’ बताया और उनकी जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, लोकतंत्र के परम उपासक ‘भारत रत्न’, ‘लोकनायक’ जयप्रकाश नारायण की जयंती पर उन्हें नमन! आपातकाल के दौरान राष्ट्र की जनतांत्रिक चेतना को जागृत कर लोकतंत्र की पुनर्स्थापना में अविस्मरणीय योगदान दिया था। वह सच्चे अर्थों में ‘लोकनायक’ थे।’’ (भाषा)



