देश-दुनिया

Nepal Flood: नेपाल में बाढ़, चंपावत में एसडीआरएफ हाई अलर्ट पर, सीएम धामी ने हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा; उत्तराखंड के लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

Uttarakhand: नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटे कोशी नदी में बुधवार को अचानक आई भीषण बाढ़ से हुए जान-माल के नुकसान के मद्देनजर उत्तराखंड सरकार ने वहां फंसे अपने नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) ने प्रदेश के नागरिकों की सहायता के लिए ये हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि यदि उत्तराखंड का कोई नागरिक नेपाल के प्रभावित क्षेत्र में फंसा हुआ है या किसी व्यक्ति के संबंध में कोई जानकारी साझा करनी है, तो देहरादून स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। अधिकारियों के अनुसार, एसईओसी के 0135-2710334, 2710335, 2664314, 2664315, 2664316 और 8218867005 नंबरों के अलावा टोल-फ्री नंबर 1070 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

उत्तराखंड के सीमावर्ती चंपावत जिले में एसडीआरएफ हाई अलर्ट पर
नेपाल में बाढ़ के मद्देनजर उत्तराखंड के सीमावर्ती जिले चंपावत में सतर्कता बढ़ा दी गई है। राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टनकपुर चौकी को हाई अलर्ट पर रखा गया है और लोगों से शारदा नदी के तटों से दूर रहने की अपील की गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, नेपाल में आई आपदा को देखते हुए एसडीआरएफ के सेनानायक (कमांडेंट) अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर चंपावत जिले की टनकपुर चौकी को हाई अलर्ट पर रखा गया है। एसडीआरएफ की टनकपुर टीम शारदा नदी के संवेदनशील तटीय क्षेत्रों, शारदा घाट, शारदा बैराज और आसपास के इलाकों में लगातार निगरानी एवं गश्त कर रही है। टीम नदी के जलस्तर और संभावित खतरे पर लगातार नजर रख रही है तथा स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाए हुए है। अधिकारियों ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम ने शारदा घाट और निचले इलाकों में पहुंचकर स्थानीय निवासियों, यात्रियों और मछुआरों को नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि के प्रति जागरूक किया। लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी स्थिति में अनावश्यक रूप से नदी के तटीय क्षेत्रों के पास न जाएं और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। एसडीआरएफ की टीम आवश्यक जीवनरक्षक और बचाव उपकरणों के साथ 24 घंटे पूरी तरह मुस्तैद है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। चंपावत जिला प्रशासन ने भी सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और आपसी समन्वय बनाए रखते हुए शारदा नदी के जलस्तर तथा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने नेपाल आपदा में हुए जान-माल के नुकसान पर दुख व्यक्त किया
इस बीच, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा में हुए व्यापक जान-माल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया है। धामी ने कहा कि इस कठिन समय में उत्तराखंड की जनता और सरकार की संवेदनाएं नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड, विशेष रूप से कुमाऊं क्षेत्र का नेपाल के साथ विशेष और आत्मीय संबंध है। ऐसे में नेपाल में आई आपदा का दुख प्रदेश के लोगों के लिए भी अपने परिवार के किसी सदस्य के संकट में होने जैसा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर है। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button