UP Politics: गाजीपुर की घटना पर राहुल गांधी का सवाल, प्रधानमंत्री और योगी के राज में बेटियां असुरक्षित क्यों?

UP News: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक लड़की की कथित तौर हत्या किए जाने की घटना को लेकर शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा तथा सवाल किया कि उनके राज्य में बेटियां इतनी असुरक्षित क्यों हैं।
यह भी कहा राहुल ने
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि जिस देश और प्रदेश में मां-बाप को अपनी बेटी की प्राथमिकी लिखवाने के लिए गुहार लगानी पड़े, वहां की सरकार को सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
कहा, दोषी पुलिस अफसरों पर कार्रवाई हो, परिवार को सुरक्षा मिले
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में विश्वकर्मा समाज की एक बेटी के साथ बलात्कार और निर्मम हत्या – और फिर परिवार को एफआईआर दर्ज कराने से रोकने के लिए धमकियां, हिंसा। हाथरस, कठुआ, उन्नाव और आज गाजीपुर – यह एक पैटर्न है। मणिपुर की बेटी ने न्याय की राह देखते-देखते दम तोड़ दिया। हर बार वही चेहरा – पीड़िता दलित, पिछड़ी, आदिवासी, गरीब। हर बार वही सच्चाई – अपराधी को संरक्षण, पीड़ित को प्रताड़ना। हर बार वही चुप्पी सत्ता की, जिन्हें बोलना चाहिए था। जिस देश और प्रदेश में मां-बाप को अपनी बेटी की एफआईआर लिखवाने के लिए भीख मांगनी पड़े, उस देश की सरकार को सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं। दोषी पुलिस अफसरों पर कार्रवाई हो, परिवार को सुरक्षा मिले – उच्च स्तरीय जांच हो और तुरंत न्याय मिले। मोदी जी, मुख्यमंत्री जी जवाब दीजिए – आपके राज में बेटियां इतनी असुरक्षित क्यों हैं? ऐसे हालात में न्याय मांगा नहीं, छीना जाता है – और हम छीनकर लाएंगे। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



