Weather News: कश्मीर में भीषण शीतलहर की स्थिति, तापमान जमाव बिंदु के नीचे पहुंचा, कई राज्यों में बारिश की संभावना

कश्मीर (Kashmir) भीषण शीतलहर (Cold Wave) की चपेट में है और न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे पहुंच गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार और शनिवार को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी (Snowfal) होने की संभावना है, क्योंकि क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव होने की संभावना है।
दिल्ली में शुक्रवार और शनिवार को आंधी के साथ बारिश की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली (Delhi) में शुक्रवार और शनिवार को आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है और रविवार को घने कोहरे का पूर्वानुमान जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान के कई इलाके भीषण ठंड की चपेट में; बारिश, ओलावृष्टि का अनुमान
राजस्थान (Rajasthan) के अधिकतर इलाके भीषण ठंड की चपेट में हैं और मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार से राज्य में कई जगह बारिश एवं ओलावृष्टि का अनुमान जताया है। मौसम केंद्र, जयपुर के अनुसार, बीते चौबीस घंटे में राज्य में मौसम आमतौर पर शुष्क रहा। इस दौरान कहीं कहीं घने से अति घना कोहरा छाया रहा और पश्चिमी राजस्थान में ‘शीत दिवस’ दर्ज किया गया।
झारखंड में बारिश के आसार के बीच तापमान में गिरावट की संभावना
झारखंड (Jharkhand) में साप्ताहंत तक तापमान में गिरावट की संभावना है और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य में बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि झारखंड के पश्चिमी और आसपास के उत्तरी हिस्सों में कुछ स्थानों पर शनिवार को तथा राज्य के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में रविवार को हल्की बारिश होने की संभावना है। (भाषा)



