राजनीति

Exit Poll 2024: जानें, क्या होता है एग्जिट पोल, कहां-किसकी बन रही सरकार; किसने क्या-कहा?

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 (Haryana Assembly Election 2024) के लिए मतदान संपन्न होने के बाद आए एग्जिट पोल (चुनाव बाद सर्वेक्षण) के नतीजों में यह संभावना जताई गई है कि कांग्रेस पूर्ण बहुमत की सरकार बना सकती है तथा 10 साल बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सत्ता से विदाई हो सकती है।

जम्मू-कश्मीर में खंडित जनादेश का अनुमान
अधिकतर एग्जिट पोल ने जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) में खंडित जनादेश का अनुमान व्यक्त किया है, हालांकि नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस के गठबंधन को बढ़त मिलने की संभावना भी जताई गई है। कुछ एग्जिट पोल ने इस गठबंधन को बहुमत के करीब दिखाया है।

हम जीत रहे हैं, भाजपा की सरकार बना रहे हैंः नायब सिंह सैनी
हरियाणा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि हम जीत रहे हैं और बहुत बड़े मैंडेट के साथ भाजपा की सरकार बना रहे हैं।

आठ अक्टूबर को बनने वाली कांग्रेस सरकार प्रदेश को प्रगति पथ पर आगे बढाएगीः भूपेंद्र सिंह हुड्डा
हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक्स पर लिखा है कि हरियाणा में 10 वर्षों के कुशासन का अंत करने के लिए बाबा साहब के संविधान से मिले मतदान के अधिकार का प्रयोग करने के लिये सभी मतदाताओं का धन्यवाद। चुनाव अभियान के दौरान आपने अपार समर्थन, सम्मान और आशीर्वाद दिया, उसके लिए मैं सदा आभारी रहूंगा। आठ अक्टूबर को बनने वाली कांग्रेस सरकार सभी हरियावासियों के आशीर्वाद और विश्वास पर चलकर प्रदेश को प्रगति पथ पर आगे बढाएगी।

एग्जिट पोल, एग्जिट पोल ही होता है और उसमें कोई न कोई सच्चाई जरूर होतीः अशोक तंवर
सिरसा: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 एग्जिट पोल पर कांग्रेस नेता अशोक तंवर ने कहा, “एग्जिट पोल, एग्जिट पोल ही होता है और उसमें कोई न कोई सच्चाई जरूर होती है… हरियाणा राहुल गांधी के नेतृत्व में पुन: वापसी कर रहा है और उन्होंने भारत को जोड़ने लोगों को न्याय दिलाने, संविधान की रक्षा करने का… संकल्प लिया है… हरियाणा के लोगों ने बहुत उम्मीद के साथ कांग्रेस पार्टी पर विश्वास जताया है और हमने जो बात कही थी कि ‘हाथ बदलेगा हालात’ तो सार्थक होती दिख रही है…”

जम्मू-कश्मीर में भाजपा का सफाया होने जा रहा है, हरियाणा में भी कांग्रेस की अच्छी लहर गुलाम अहमद मीर
अनंतनाग: कांग्रेस नेता और डूरू निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार गुलाम अहमद मीर ने जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल पर कहा, “ये सवाल सिर्फ हरियाणा का नहीं है। सिलसिलेवार चार विधानसभाओं के चुनाव होने जा रहे हैं… जम्मू-कश्मीर में भाजपा का सफाया होने जा रहा है। हरियाणा में भी कांग्रेस की अच्छी लहर है… कांग्रेस पूरी बहुमत के साथ वहां(हरियाणा) सरकार बनाएगी। आने वाले दिनों में महाराष्ट्र का भी चुनाव होने वाला है और वहां पर भी NCP-कांग्रेस और उद्धव ठाकरे की पार्टी जबरदस्त उपलब्धि हासिल करेगी… इन चुनावों में भाजपा का पूर्ण सफाया होगा।”

भाजपा जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगीः तरुण चुघ
दिल्ली: एग्जिट पोल पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा, “भाजपा दोनों(जम्मू-कश्मीर और हरियाणा) जगहों पर पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। जनता का आशीर्वाद भाजपा की सरकार को मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 10 वर्षों में जिस तरह गरीब हित के लिए काम किया है, जम्मू-कश्मीर में विकास और विश्वास को खड़ा किया है। जनता भाजपा को वोट दे रही है और परिणाम 8 तारीख को आएंगे जिसमें भ्रष्टाचारी, लूट-खसूट वाले हारेंगे…”

परिणाम सकारात्मक आएंगेः पुष्कर सिंह धामी
देहरादून (उत्तराखंड): हरियाणा विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “मतदान हो गए हैं अब परिणाम आने बाकी हैं। परिणाम सकारात्मक आएंगे।”

जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में हमारी सरकार बनेगीः मनीष तिवारी
चंडीगढ़: एग्जिट पोल पर कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा, “एग्जिट पोल के बारे में जितना कम कहा जाए उतना ही बेहतर है लेकिन बुनियादी बात ये है कि जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में रुझान कांग्रेस के हक में हैं। जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस के हक में(रुझान) है और हमारा यह मानना है कि दोनों जगहों पर हमारी सरकार बनेगी।”

जानें, क्‍या होता है एग्जिट पोल
एग्जिट पोल एक तरह से चुनावी सर्वे होता है। देश भर की कई एजेंसियां, न्‍यूज चैनल और समाचार पत्रों की ओर से एग्जिट पोल किया जाता है। इसके जरिये जनता के रुझान को पता करने की कोशिश की जाती है। इसमें निश्चित प्रश्‍नों की एक सूची होती है, जिसके जरिये लोगों सवाल किये जाते हैं और फिर उन सवालों के जरिये यह पता लगाया जाता है कि जनता का रुझान किस तरफ है। साथ ही, अनुमान लगाया जाता है कि कौनसा राजनीतिक दल कितनी सीटों पर काबिज हो सकता है और कौन सा दल सरकार बना सकता है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button