Uttarakhand Cloudburst: उत्तराखंड के धराली में बादल फटने से खीर गंगा नदी में आई बाढ़, चार लोगों की मौत; कई लापता

Uttarakhand News: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में धराली में मंगलवार को बादल फटने के कारण खीर गंगा नदी में बाढ़ आने से चार लोगों की मौत हो गई। कई मकान और होटल तबाह हो गए। इस बीच, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि धराली क्षेत्र में बादल फटने से हुए भारी नुकसान का समाचार अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन तथा अन्य संबंधित टीमें युद्ध स्तर पर जुटी हुई हैं। इस संबंध में लगातार वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क में हूं और स्थिति की गहन निगरानी की जा रही है। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।
धराली में मची तबाही ने केदारनाथ, ऋषिगंगा आपदा की भयावह यादें ताजा कीं
धराली में बादल फटने से मची भीषण तबाही ने 2013 की केदारनाथ और 2021 की ऋषिगंगा आपदा की भयावह यादें ताजा कर दीं। केदारनाथ और ऋषिगंगा में आई बाढ़ की तरह ही धराली की खीरगंगा नदी में आया पानी और मलबे का विनाशकारी सैलाब कुछ क्षणों में ही बड़े-बड़े होटलों और मकानों को अपने साथ बहा ले गया और गंगोत्री धाम के रास्ते में स्थित खूबसूरत क्षेत्र पलक झपकते ही मलबे के ढेर के नीचे दब गया।
उत्तराखंड में लगातार बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त
उत्तराखंड में विभिन्न स्थानों पर पिछले 48 घंटों से रुक-रुक कर लगातार बारिश होने से गंगा, यमुना सहित सभी नदी-नाले उफान पर आ गए और भूस्खलन से सड़कें बाधित हो गईं, जिससे सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में प्रदेश के 13 में से 11 जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त करते हुए जलभराव होने तथा बाढ़ का खतरा पैदा होने की चेतावनी जारी की है। बारिश के अलर्ट को देखते हुए प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मंगलवार को स्कूल बंद रखे गए।
प्रधानमंत्री ने धराली में प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह उत्तरकाशी के धराली में अचानक आई बाढ़ से प्रभावित लोगों की कुशलता के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं।
अमित शाह ने उत्तराखंड में अचानक आई बाढ़ के बाद मुख्यमंत्री से बात की, सात बचाव टीम रवाना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात कर धराली में अचानक आई बाढ़ के बारे में जानकारी ली और प्रभावित लोगों की सहायता के लिए सात बचाव टीम भेजने का आदेश दिया।
मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने बादल फटने से जानमाल के नुकसान पर जताया दुख
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में बादल फटने के कारण कई लोगों की मौत पर मंगलवार को दुख जताया और सरकार से आग्रह किया कि राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाई जाए। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



