Saif Ali Khan Attacked: सैफ अली खान पर हमले के मामले में एक संदिग्ध हिरासत में, अखिलेश बोले- कलाकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए

मुंबई पुलिस (Mumbai Police) ने फिल्म अभिनेता सैफ अली खान पर हमले के सिलसिले में शुक्रवार सुबह एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति की पहचान अभी नहीं हुई है। उसे बांद्रा थाने ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि हमलावर से मिलते-जुलते हुलिये वाले कई लोगों से पूछताछ के बाद उसे हिरासत में लिया गया। अधिकारी ने बताया कि हमलावर से मिलते-जुलते हुलिए वाले कई लोगों से पूछताछ के बाद संदिग्ध को पकड़ा गया। उसे हिरासत में लेने का मुख्य आधार वह बैकपैक था, जो अभिनेता की इमारत के सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया था।
जानें, क्या है मामला
सैफ अली खान पर बुधवार देर रात बांद्रा के रिहायशी इलाके में स्थित उनके अपार्टमेंट में एक घुसपैठिए ने धारदार हथियार से हमला किया था। इस हमले के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हमले में इस्तेमाल ब्लेड अब भी उनकी रीढ़ की हड्डी में फंसा हुआ है। 54 वर्षीय सैफ अली खान की गर्दन सहित छह स्थानों पर गंभीर चोटें आई थीं।लीलावती अस्पताल में आपातकालीन सर्जरी के बाद अब उनकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं। हमले के समय यह घटना उनके छोटे बेटे जेह के कमरे के बाहर देर रात करीब ढाई बजे हुई थी।
सीसीटीवी फुटेज में कथित हमलावर को लाल रंग का गमछा डाले और एक बैग के साथ सतगुरु शरण बिल्डिंग की छठी मंजिल से सीढ़ियों से उतरते हुए देखा गया, जहां सैफ अली खान का अपार्टमेंट स्थित है। पुलिस अब संदिग्ध से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
अखिलेश यादव ने सैफ अली खान की सेहत के लिए दुआ की, कलाकारों की सुरक्षा की मांग उठाई
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सिने अभिनेता सैफ अली खान की सेहत की दुआ करते हुए सरकार से कलाकारों की सुरक्षा की मांग की है। अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट किया कि लोकप्रिय फिल्म स्टार सैफ अली खान की सेहतमंदी की दुआओं के साथ सरकार से आग्रह है कि कलाकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। (भाषा)



