देश-दुनिया

Voting: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी, पीएम मोदी बोले-उत्साह के साथ करें मतदान

Election: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। बंगाल में पहले चरण में बृहस्पतिवार को मतदान के शुरुआती दो घंटों में 18.76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में पहले दो घंटों में 17 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे तक 17.51 ​​प्रतिशत मतदान हुआ और लगभग 1.1 करोड़ मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। मैं सभी नागरिकों से लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने का आह्वान करता हूं

तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी, मतदान केंद्रों में भारी भीड़
तमिलनाडु विधानसभा की 234 सीटों के लिए मतदान सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुआ, और राज्य भर में मतदान केंद्रों में मतदाताओं की भीड़ उमड़ रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल के लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के लोगों से विधानसभा चुनावों में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की।मोदी ने विशेष रूप से दोनों राज्यों के युवाओं और महिलाओं से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने का आग्रह किया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। मैं सभी नागरिकों से लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने का आह्वान करता हूं। मैं विशेष रूप से अपने युवा मित्रों और पश्चिम बंगाल की महिलाओं से बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह करता हूं।

पश्चिम बंगाल: भाजपा के शुभेंदु ने नंदीग्राम में वोट डाला, लोगों से शांतिपूर्ण मतदान की अपील की
पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने सुबह नंदीग्राम में अपना वोट डाला और निर्वाचन आयोग द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। अधिकारी सुबह आठ बजे से कुछ ही समय पहले पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदनायकबार प्राथमिक विद्यालय में बूथ नंबर 79 पर पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद पत्रकारों से बातचीत में अधिकारी ने लोगों से शांतिपूर्ण मतदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मैं शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रार्थना करता हूं। वे (तृणमूल कांग्रेस) ज्यादा गड़बड़ी नहीं कर पाए और न ही कर पाएंगे। मतदान से पहले की रात आमतौर पर निर्णायक होती है। प्रथम दृष्टया, निर्वाचन आयोग और केंद्रीय बलों को धन्यवाद देना चाहिए। नंदीग्राम से पुन: चुनाव लड़ने के अलावा अधिकारी भवानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहां 29 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होगा। नंदीग्राम से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार पवित्र कर ने भी शंभूनाथ प्राथमिक शिक्षा सदन में अपना वोट डाला। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खड़गपुर सदर उम्मीदवार दिलीप घोष ने भी पश्चिम मेदिनीपुर जिले के औद्योगिक शहर में स्थित सेरोसा स्टेडियम के बूथ नंबर 263 पर अपना वोट डाला। मतदान के बाद पत्रकारों से बात करते हुए घोष ने कहा कि वह घर पर ही रहेंगे और जरूरत पड़ने पर ही बाहर निकलेंगे। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि ज्यादा आवाजाही की कोई जरूरत है। लोग शांतिपूर्वक मतदान कर रहे हैं। स्थिति सामान्य है। अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच 16 जिलों के 152 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान जारी है।

मुर्शिदाबाद के डोमकल में मतदाताओं को डराने-धमकाने के आरोपों पर निर्वाचन आयोग ने रिपोर्ट मांगी
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के दौरान मुर्शिदाबाद के डोमकल क्षेत्र में कई लोगों को मतदान से रोकने के आरोपों पर निर्वाचन आयोग ने अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। डोमकल के कई मतदाताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें धमकाया गया और डराया गया। कुछ लोगों ने दावा किया कि मतदान केंद्र जाने की कोशिश करने पर उनके साथ मारपीट की चेतावनी दी गई।

हुमायूं कबीर ने ममता बनर्जी पर उम्मीदवारों को खरीदने का आरोप लगाया
आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के प्रमुख हुमायूं कबीर ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने उनकी पार्टी के कई उम्मीदवारों को खरीद लिया, जिसके कारण उन्हें कम सीटों पर चुनाव लड़ना पड़ रहा है। कबीर ने सुबह मतदान के शुरुआती घंटों में अपना वोट डाला। इसके बाद जब वह मुर्शिदाबाद जिले की नौदा विधानसभा क्षेत्र के शिबनगर गांव स्थित एक मतदान केंद्र पहुंचे, तो तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने वापस जाओ के नारे लगाकर उनका विरोध किया।

खरगे ने तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल में सामाजिक न्याय और विकास के लिए मतदान की अपील की
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के लोगों से विधानसभा चुनाव में सामाजिक न्याय, समता और विकास के लिए मतदान की अपील की। कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि आज लड़ाई संघवाद, तर्कसंगतता, समानता, न्याय और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button