बयान पर बवाल : शिवराज सिंह चौहान बोले, राहुल गांधी हार की हताशा में विदेश में भारत को कर रहे बदनाम

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा नीत केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा अमेरिका में की गई कथित टिप्पणी को लेकर मंगलवार को उन पर निशाना साधा और उन पर चुनावों में बार-बार हार की हताशा में विदेशों में भारत को बदनाम करने का आरोप लगाया। भाजपा के झारखंड चुनाव प्रभारी चौहान इस महीने होने वाली पार्टी की ‘परिवर्तन रैली’ के सिलसिले में एक बैठक में शामिल होने के लिए रांची पहुंचे।
विदेश में ‘संवेदनशील मुद्दों’ पर बोलकर ‘खतरनाक विमर्श’ गढ़ने का का प्रयास कर रहे राहुल: भाजपा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अमेरिका में सिख समुदाय के बारे में राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर उन पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष विदेश में ‘संवेदनशील मुद्दों’ पर बोलकर ‘खतरनाक विमर्श’ गढ़ने का प्रयास कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल की टिप्पणी ‘भयावह’ है, क्योंकि उन्होंने अपनी रोटियां सेकने के लिए विदेशों में रह रहे सिख समुदाय के सदस्यों के बीच झूठ फैलाने की कोशिश की।
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने अमेरिका में कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पैदा किया डर अब ‘इतिहास’ बन गया है। राहुल गांधी के मुताबिक, आरएसएस का मानना है कि कुछ धर्म, भाषाएं तुच्छ हैं। (भाषा)



