Delhi Politics: भाजपा राष्ट्रपति शासन लगाने के लिए आप सरकार को गिराने की कर रही साजिश: आतिशी

आम आदमी पार्टी (AAP) की वरिष्ठ नेता और मंत्री आतिशी ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लगाकर अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार को ‘‘पिछले दरवाजे’’ से गिराने की साजिश रचने का आरोप लगाया।
कहा, अगर राष्ट्रपति शासन होगा, तो भाजपा अगली बार शून्य सीटें जीतेगी
दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता द्वारा भारत के राष्ट्रपति को लिखे पत्र पर कहा कि भाजपा का एक ही काम है, चुनी हुई सरकारें गिराना। जहां भी भाजपा जीत नहीं पाती, वहां वो विधायकों को खरीदकर पिछले दरवाजे से सरकार बनाने की कोशिश करती है। वे आप के विधायकों को खरीदकर सरकार नहीं गिरा पाए। इसलिए अब उन्होंने दिल्ली की चुनी हुई सरकार को गिराने की साजिश शुरू कर दी है, लेकिन मैं भाजपा को बताना चाहती हूं कि दिल्ली की जनता सब देख रही है। लोग जानते हैं कि अगर कोई उनके लिए काम करता है, तो वह अरविंद केजरीवाल हैं। अगर भाजपा साजिश करके अरविंद केजरीवाल की सरकार गिराती है, तो आने वाले चुनाव में दिल्ली की जनता उन्हें इसका करारा जवाब देगी। अगर राष्ट्रपति शासन होगा, तो भाजपा अगली बार शून्य सीटें जीतेगी। (भाषा/एएनआई)



