Weather Update: दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों में आज और कल बारिश की संभावना, गर्मी से मिलेगी राहत

Weather News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को गरज के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को गरज के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि 14 जून से 16 जून तक आसमान में बादल छाए रहने की उम्मीद है।
राजस्थान के कई इलाकों में आज से आंधी बारिश का अनुमान
एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के अनेक भागों में बृहस्पतिवार से आंधी व बारिश की गतिविधियां फिर शुरू होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। इसके अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 11 जून से राज्य के कुछ भागों में आंधी बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ने की संभावना है। इससे 11 से 14 जून के दौरान बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे के रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। साथ ही, कहीं-कहीं हल्की-मध्यम बारिश हो सकती है।
गंगानगर में पारा 45 के पार
वहीं, राज्य में तेज गर्मी का दौर जारी है जहां बृहस्पतिवार सुबह तक के चौबीस घंटे के दौरान मौसम मुख्यतया शुष्क रहा और पश्चिमी भाग में एक-दो स्थानों पर उष्ण लहर व गर्म रात्रि दर्ज की गई। इस दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस गंगानगर में रहा।
तमिलनाडु के 15 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने कहा है कि बृहस्पतिवार से अगले तीन से चार दिन तक तमिलनाडु में दक्षिण-पश्चिम मानसून के और बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं तथा इसके चलते राज्य के 15 से अधिक जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा बुलेटिन में कहा गया कि तिरुनेलवेली, कन्याकुमारी, नीलगिरि, कोयंबटूर, इरोड, सलेम, धर्मपुरी, कृष्णगिरि, तिरुपत्तूर, वेल्लोर, रानीपेट, तिरुवन्नामलाई, विल्लुपुरम, कल्लाकुरिची, थेनी, डिंडीगुल, कुड्डालोर और मयिलादुथुराई जिलों के पश्चिमी घाट वाले इलाकों में तेज हवाओं (40-50 किमी/घंटा की रफ्तार) के साथ भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है।(भाषा)



