UP News: कन्नौज जिला कारागार से फरार कैदी पुलिस के साथ मुठभेड़ में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

Kannauj News: जिला कारागार से फरार एक कैदी रविवार को पुलिस के साथ एक मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया, उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घटना उत्तर प्रदेश में कन्नौज की है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार ने बताया कि विगत पांच जनवरी को जिला कारागार से फरार बंदी डंपी उर्फ शिवा को सुबह एक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। वह कन्नौज के थाना ठठिया के मलगवा का निवासी है। थाना गुरसहायगंज क्षेत्र में मुरादगंज क्रॉसिंग से तिर्वा रोड पर तारा बगिया के पास जांच में जुटी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान डंपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि डंपी ने पुलिस दल को देखते ही उस पर गोलीबारी कर दी। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगी है। डंपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल कन्नौज भेजा गया है। गिरफ्तार कैदी डंपी उर्फ शिवा के पास से एक तमंचा व दो कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
कारागार से पहले भी फरार हो चुके हैं कैदी
पांच जनवरी को कारागार से दो कैदी फरार हो गए थे। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया था कि पाक्सो एक्ट में बंद डंपी उर्फ शिवा एवं शस्त्र अधिनियम के तहत बंद हजरापुर गांव के अंकित कंबलों के सहारे दीवार लांघकर रात को फरार हो गए थे। जिला जेल से भागे दोनों कैदियों पर डीआईजी ने 25 हजार तथा एसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। एसपी ने बताया कि भागे हुए दूसरे कैदी अंकित को भी जल्द पुलिस गिरफ्तार करेगी। (भाषा)



